सोशल मीडिया पर दोस्ती बनी खतरा, युवक ने युवती को किया ब्लैकमेल, फेक ID से अश्लील वीडियो किया वायरल

Jashpur Blackmailing Case: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया के जरिए भरोसे का फायदा उठाकर युवती का शोषण करने और वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर दोस्ती के बाद युवक ने युवती का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर वायरल करने की धमकी देकर उसे अपने साथ झारखंड ले गया। जब युवती उसके दबाव से मुक्त होकर वापस लौटी तो आरोपी ने उसके नाम से फेक ID बनाकर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पूरा मामला बागबहार थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh News : एक्सपायरी दवाइयों को जलाने से जहरीला धुआं फैलाः स्कूल की 8 छात्राएं हुए बीमार, पढ़े पूरी खबर
23 साल की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2021 में झारखंड के रहने वाले विकास नोनिया (22 साल) ने उसे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन धीरे-धीरे यह संपर्क गहरे रिश्ते में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने वीडियो कॉलिंग के बहाने युवती का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बारे में युवती को जानकारी नहीं थी। लंबे समय तक बातचीत जारी रहने के बाद 26 फरवरी 2024 को आरोपी ने युवती को फोन कर कहा कि वह रायपुर आ जाए, वरना वह उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। धमकी से डरी युवती रायपुर पहुंच गई, जहां आरोपी उसे बस में बिठाकर झारखंड स्थित अपने घर ले गया।
नानी की तबीयत का बहाना बनाकर लौटी घर
युवती वहां करीब तीन दिनों तक उसके साथ रही और घर वापस आने का कोई रास्ता नहीं था। इसी दौरान युवती को उसकी बड़ी बहन का फोन आया कि नानी की तबीयत खराब है। इसी बहाने से युवती ने आरोपी से घर जाने की अनुमति मांगी और बागबहार क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आई। घर लौटने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी और उसकी कॉल उठाना बंद कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने गुस्से और बदले की नीयत से युवती के नाम से फेक फेसबुक ID बनाई। फिर उसी फेक ID से युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो परिजनों तक पहुंच गई।

मानसिक रूप से परेशान युवती ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बागबहार पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया। (Jashpur Blackmailing Case)
इन धाराओं के तहत केस
- IPC धारा 354(घ)- अश्लील कृत्य कर महिला की गरिमा भंग करना
- IPC धारा 509(ख)- महिला की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना
- BNS धारा 78, 79- इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री प्रसारित करने से संबंधित अपराध
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पत्थलगांव में छिपा हुआ है। बागबहार पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर पत्थलगांव में छापेमारी की। घेराबंदी कर आरोपी विकास नोनिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में पुलिस बेहद संवेदनशील है। ऐसे अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर शोषण और धमकी जैसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। (Jashpur Blackmailing Case)



