जशपुर जिले में भीषण सड़क हादसा, 2 बाइकों की भिड़ंत में 4 युवकों की मौत

Jashpur Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र का है, जहां 2 बाइकों के बीच भिड़ंत में 4 युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। टक्कर इतनी तेज थी की एक बाइक में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक गंझियाडीह गांव में ये हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर 3 और दूसरी बाइक पर 2 लोग सवार थे। इनमें सिर्फ एक ही युवक बच पाया, जिसका इलाज रायगढ़ में चल रहा है। पत्थलगांव SDOP ने बताया कि 3 मृतकों की पहचान हो गई है।

यह भी पढ़ें:- नक्सलियों ने फिर की BJP नेता की हत्या, 1 साल में 9 नेताओं की ली जान

SDOP के मुताबिक एक युवक का नाम खगेश्वर धोबी है, जो कोल्हेंझरिया का रहने वाला था। वहीं दूसरे का नाम चंदन नायक है, जो गंझियाडीह में रहता था। तीसरे का नाम उमाशंकर है, जो कोल्हेंझरिया का रहने वाला था। जबकि चौथे की पहचान नहीं हो पाई है। चारों शवों को फरसाबहार स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी कक्ष में रखा गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं हादसे को लेकर CM विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- जशपुर जिले के तुमला क्षेत्र के गंझियाडीह धान मंडी में घटित बाइक दुर्घटना में 4 युवकों के देहावसान की हृदयविदारक सूचना प्राप्त हुई। मैं प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। (Jashpur Road Accident)

भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है।भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग भी सबसे बड़े कारणों में से एक है। (Jashpur Road Accident)

Back to top button