Google Analytics —— Meta Pixel

खैरागढ़ के दल्लीखोली जंगल में मौत का रहस्य, एक ही जगह मिले मोर, सिवेट और दुर्लभ पक्षियों के शव

Khairagarh Forest Mystery Deaths: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में वन्यजीवों की रहस्यमयी मौत ने सनसनी फैला दी है। जंगल के भीतर एक प्राकृतिक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। शुरुआती तौर पर जलस्रोत में किसी जहरीले पदार्थ के मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विभाग ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। जानकारी के मुताबिक वन्यजीव और प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा रविवार दोपहर बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें सबसे पहले एक ग्रेटर रैकेट-टेल्ड ड्रोंगो मृत अवस्था में दिखाई दिया। जब उन्होंने आसपास का इलाका खंगाला तो जलस्रोत के पास कई अन्य पक्षियों और जंगली जीवों के शव पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने पूरे घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।

यह भी पढ़ें:- गर्भपात के बाद दोबारा प्रेग्नेंसी पर भी मिलेगा पूरा मैटरनिटी लीव, बिलासपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत कई दुर्लभ पक्षियों के शव मिले हैं। मृत पक्षियों में रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट जैसी प्रजातियों के नाम भी सामने आए हैं। एक ही जगह पर इतने अलग-अलग वन्यजीवों की मौत ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल के बीच मौजूद यह प्राकृतिक जलस्रोत वन्यजीवों के लिए प्रमुख पानी का स्रोत है। ऐसे में एक साथ इतने जीवों का मृत मिलना सामान्य घटना नहीं माना जा रहा। वन्यजीव प्रेमी मुकेश वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में आशंका जताई है कि जलस्रोत में किसी जहरीले रसायन या विषैले पदार्थ को मिलाया गया हो सकता है। माना जा रहा है कि पानी पीने के बाद इन वन्यजीवों की मौत हुई होगी। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। (Khairagarh Forest Mystery Deaths)

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि मोर और एशियन पाम सिवेट जैसे जीवों की एक साथ मौत बेहद असामान्य घटना है। इससे पर्यावरणीय खतरे, लापरवाही या किसी साजिश की आशंका भी गहराने लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। विभाग जंगल क्षेत्र से मृत वन्यजीवों और पक्षियों के शव एकत्र कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक मृत जीवों की संख्या काफी अधिक हो सकती है। मौके से पानी, मिट्टी और अन्य संदिग्ध पदार्थों के सैंपल भी लिए गए हैं। वन विभाग फिलहाल तीन प्रमुख बिंदुओं जैसे जहरखुरानी, भीषण गर्मी और जलसंकट को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जंगल के भीतर हुई इस रहस्यमयी घटना ने अब पूरे क्षेत्र में दहशत और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!