छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का हार्ट अटैक से निधन, भाजपा प्रशिक्षण शिविर में बिगड़ी थी तबीयत

Rupnarayan Sinha Passes Away: छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उन्हें साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ में शामिल हुए थे। इस प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। सोमवार से शुरू हुए इस दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन कार्यक्रम के समापन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें:- खैरागढ़ के दल्लीखोली जंगल में मौत का रहस्य, एक ही जगह मिले मोर, सिवेट और दुर्लभ पक्षियों के शव
सिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की अस्पताल में भीड़ जुट गई। बता दें कि परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर रायपुर रवाना हो गए हैं। रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और पार्टी में अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके थे। वे सामाजिक और योग गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ योग और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाने में उनका विशेष योगदान माना जाता है। तिफरा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे। दूसरे दिन के कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। (Rupnarayan Sinha Passes Away)

भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने रूपनारायण सिन्हा के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सिन्हा ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और लंबे समय तक समर्पित भाव से कार्य किया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी रूपनारायण सिन्हा के निधन पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सभी के लिए दुख की घड़ी है और उन्होंने दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आगे कहा कि रूपनारायण ने संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। योग, भारतीय संस्कृति और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रशिक्षण महाअभियान जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उनका इस प्रकार अचानक हमें छोड़कर जाना अत्यंत दुखद है। उनका निधन भाजपा परिवार और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।

CM साय ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक और छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, संघ के पूर्व प्रचारक और योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। हम सभी इस शोक समाचार से हतप्रभ हैं। इस दुख की घड़ी में पूरा भाजपा परिवार सिन्हा परिवार के साथ है। परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना है दिव्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग और समाजसेवा के क्षेत्र में दिया गया उनका महत्वपूर्ण योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति दें। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने राष्ट्र निर्माण, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं भारतीय जीवन मूल्यों के प्रसार में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित भाव से व्यतीत किया। उनका तपस्वी व्यक्तित्व, सरल स्वभाव और समाज के प्रति निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और अनुयायियों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वे सरलता, सौम्यता और राष्ट्रसेवा के जीवंत प्रतीक थे। संघ के माध्यम से राष्ट्र उत्थान के कार्य में जीवनभर समर्पित रहे तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब, पीड़ित और वंचित वर्गों की आवाज बनकर कार्य किया।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में पिछले एक वर्ष से उन्होंने प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनका अचानक इस प्रकार चले जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने संगठन, समाजसेवा और योग के माध्यम से जनजागरण का जो कार्य किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण अनगिनत कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी दुख जताया है। (Rupnarayan Sinha Passes Away)

उन्होंने कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। योग, भारतीय संस्कृति और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रशिक्षण महाअभियान जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उनका इस प्रकार अचानक हमें छोड़कर जाना अत्यंत दुखद है। उनका निधन भाजपा परिवार और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। रूपनारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन से भाजपा संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें एक सरल, सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद कर रहे हैं। (Rupnarayan Sinha Passes Away)



