Google Analytics —— Meta Pixel

PM किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी, किसानों के खातों में 20 हजार करोड़ से ज्यादा राशि ट्रांसफर

Kisan Samman Nidhi 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरप्रदेश के वाराणसी से PM किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी की। PM मोदी ने 9 करोड़ 26 लाख किसानों के खातों में 20 हजार करोड़ से ज्यादा रुपए ट्रांसफर किए। इस दौरान कृषि सखियों के रूप में 30 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कई राज्य मंत्री उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : मुख्यमंत्री साय दिखे किसान की भूमिका में, अपने खेतों में बीज का छिड़काव कर खेती-किसानी का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित और ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े किसानों का अभिवादन किया और बताया कि करोड़ों किसानों के खाते में 20 हजार करोड़ रुपए जमा हुए हैं। उन्होंने कृषि सखी पहल को 3 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह पहल लाभार्थी महिलाओं के लिए गरिमा और आय के स्रोत का आश्वासन सुनिश्चित करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि PM किसान सम्मान निधि दुनिया की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजना के रूप में उभरी है।  प्रधानमंत्री ने लाभ को योग्य लाभार्थियों तक पहुंचाने में तकनीक के उपयोग की सराहना की और विकसित भारत संकल्प यात्रा का भी श्रेय दिया, जिसने 1 करोड़ से ज्यादा किसानों को PM किसान योजना के तहत खुद को पंजीकृत करने में सक्षम बनाया। (Kisan Samman Nidhi 2024)

उन्होंने कहा कि पहुंच बढ़ाने के लिए नियमों और विनियमों को सरल बनाया गया है। PM मोदी ने कहा कि जब इरादे और विश्वास सही जगह पर हों तो किसान कल्याण से जुड़े काम तेजी से होते हैं। कृषि सखी कार्यक्रम ड्रोन दीदी कार्यक्रम की तरह ही इस दिशा में एक कदम है। आशा कार्यकर्ताओं और बैंक सखियों के रूप में महिलाओं के योगदान को बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र अब कृषि सखियों के रूप में महिलाओं की क्षमताओं को देखेगा। वहीं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि PM मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर पहली बार काशी पधारे हैं। उन्होंने कहा कि इतने बहुमत से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना एक इतिहास है। मंत्री चौहान ने कहा कि जनता द्वारा दिया गया यह जनादेश अपने आप में अद्भुत और अभूतपूर्व है। (Kisan Samman Nidhi 2024)

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए किसान ही भगवान है और किसानों की सेवा भगवान की पूजा के समान है। इसी भाव से भारत सरकार लगातार किसानों के कल्याण के कार्य में लगी है। मंत्री शिवराज ने कहा कि ये प्रधानमंत्री की किसानों और खेती के प्रति प्रतिबद्धता ही है कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के बाद सबसे पहले किसान सम्मान निधि मतलब किसान के खाते में पैसे डालने वाली फाइल पर साइन किया और यहां आकर अपना पहला कार्यक्रम भी किसानों के बीच में किया। (Kisan Samman Nidhi 2024)

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों की आय दुगनी करने के रोडमैप पर लगातार काम हुआ है। इसके लिए एक और सिंचाई योजनाओं के माध्यम से नई तकनीक का प्रयोग कर उत्पादन बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी हैं तो दूसरी और उत्पादन की लागत घटाने के लिए सरकार अरबों रुपए की सब्सिडी देती है जिससे किसान को सस्ती खाद मिलती है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया में खाद के दाम आसमान पर हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध करवा रही है। (Kisan Samman Nidhi 2024)

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड जैसी अद्भुत योजना ने साहूकारों के चंगुल से किसान को मुक्त किया है और छोटे किसान, किसान सम्मान निधि से खाद और बीज की व्यवस्था करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए गए फैसले के अनुरुप सभी प्रदेशों में किसान को फसलों के बेहतर दाम दिलाने के लिए फसल की लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत का लाभ देकर न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया जाता है। प्राकृतिक आपदा में अगर फसल को नुकसान होता है तो भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनाई गयी है तो वहीं कृषि के विविधीकरण को लेकर भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं जैसे – फूलों की खेती, फलों की खेती, सब्जियों की खेती, औषधीय खेती, कृषि वानिकी, कृषि के साथ पशुपालन, मधुमक्खी पालन को बढ़ावा ताकि किसान की आय दोगुनी हो जाए। (Kisan Samman Nidhi 2024)

केंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री का मानना है कि यह धरती केवल हमारे लिए नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी है। अगर अनियंत्रित कीटनाशक और खाद के प्रयोग से यह धरती बंजर हो गई तो आने वाली पीढ़ियां इस धरती पर कैसे रहेंगी। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्राकृतिक खेती का अभियान चलाया हुआ है। चौहान ने कहा कि कृषि विभाग दिन-रात परिश्रम करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण में कोई भी कसर नहीं छोड़ेगा। (Kisan Samman Nidhi 2024)

मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का जिसमें से लगभग एक करोड़ लखपति दीदी बन चुकी हैं। उसी का एक आयाम है कृषि सखी जिन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये हमारी वह बहनें हैं जिनको किसानों को उनके काम में सहयोग करने के लिए ट्रेनिंग दी गई है। ऐसी 34 हजार बहनों को अभी तक ट्रेनिंग दी जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये कृषि सखियां एक ओर किसान को अच्छी खेती करने में सहयोग करेंगी तो दूसरी ओर अपनी आय भी बढ़ा पाएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए ये सभी प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। (Kisan Samman Nidhi 2024)

Back to top button
error: Content is protected !!