किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 52 लोगों की मौत, PM मोदी ने कहा- हम सबकी परीक्षा ले रही प्रकृति

Kishtwar Cloud Burst Update: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 52 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 167 लोगों को बचा लिया गया है। जबकि 100 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। इस त्रासदी के मंजर बहुत डराने वाले हैं। दरअसल, मलबे में कई शव खून से लथपथ पड़े थे। फेफड़ों में कीचड़ भर गया था। टूटी पसलियां और अंग जगह-जगह बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोगों, सेना के जवानों और पुलिस ने घायलों को कई घंटों की मशक्कत के बाद कीचड़ भरे इलाके से खोदकर अपनी पीठ पर लादकर अस्पताल पहुंचाया। बता दें कि जम्मू GMC 50 बिस्तर, 20 वेंटिलेटर बिस्तर और 5 ऑपरेशन थिएटर के साथ पूरी तरह से तैयार है। इसके अलावा हड्डी रोग विशेषज्ञ, न्यूरोसर्जन, क्रिटिकल केयर एनेस्थेटिस्ट और मैक्सिलोफेशियल सलाहकारों की टीम भी स्टैंडबाय पर हैं। GMC ब्लड बैंक ने किसी भी आपात स्थिति के लिए 200 से ज्यादा यूनिट ब्लड रखा है, ताकि किसी को खून की कमी ना हो।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने लाल किले पर 12वीं बार फहराया तिरंगा, कहा- हम न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेंगे
किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के बाद खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है। एडिशनल एसपी प्रदीप सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, SDRF, अग्निशमन सेवाएं, CISF, CRPF और सेना सहित केंद्रीय बल बचाव अभियान चला रहे हैं। कई लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका है। जैसे ही और लापता लोगों या शवों के मिलने की जानकारी मिलेगी, हम अपडेट करेंगे। एम्बुलेंस और स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में पुलिस के साथ मिलाकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रकृति हम सबकी परीक्षा ले रही है। पिछले कुछ दिनों से प्राकृतिक आपदाएं, भूस्खलन, बादल फटना और ना जाने कितनी आपदाएं हम झेल रहे हैं। पीड़ितों के साथ हमारी संवेदना है। राज्य सरकारें और केंद्र सरकार मिलकर बचाव के काम में जुटी है। (Kishtwar Cloud Burst Update)

एक पीड़ित ने कहा कि मेरी बेटी लापता है। न बादल था, न बारिश थी धूप भी नहीं था, बहुत ही अच्छा मौसम था, लेकिन पता नहीं कैसे अचानक ये सब हो गया। 2 मिनट में मलबा पूरा आया। हम तो ये सब फिल्म में देखा करते थे, लेकिन ये सब सामने हो गया। मेरी बेटी को बस ढूंढ दो मुझे और कुछ नहीं चाहिए। एक पीड़िता ने कहा कि अचानक से बम फटने की आवाज आई और सब कहने लगे कि भागो-भागो। जैसे मैं भागने लगी तो मैं मलबे में फंस गई और मेरे ऊपर बिजली का खंभा गिर गया। उसके बाद मैंने अपनी बेटी को आवाज लगाई और उसने मुझे वहां से निकाला। हम बड़ी मुश्किल से बचे हैं। एक अन्य पीड़ित ने कहा कि हम वहीं पर थे। अचानक ब्लास्ट जैसा हुआ और बादल फटने के बाद हम निकलना शुरू किए, लेकिन 2 मिनट में ही वहां पर 4 फीट मलबा हो गया। कुछ लोगों को हमने निकाल दिया लेकिन कुछ लोग फंस गए। हम 11 सदस्य थे। हम सुरक्षित है बस मेरी बेटी और मेरी पत्नी मलबे में फंस गए थे अब ये स्थिर हैं। (Kishtwar Cloud Burst Update)

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुनील शर्मा ने कहा कि यहां पर बहुत चहल-पहल रहता है। घटना से पहले यहां पर बड़े तादाद में लंगर में लोग खड़े थे। ठीक उसी समय बादल फटा है। काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। चश्मदीदों के हिसाब से सैकड़ों लोग मलबे में दबे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत बड़ा हादसा है। हमारी बात उपराज्यपाल और गृहमंत्री से हुई है। हमें उम्मीद है कि मौसम साफ होने पर हेलीकॉप्टर से भी बचाव अभियान किया जाएगा। स्थानीय पुलिस, SDRF, CO CRPF और स्थानीय लोग मौके पर बचाव अभियान में लगे हुए हैं। सारी टीमें मिलकर काम कर रही है। हम कोशिश करेंगे मृतक और घायलों को सहायता राशि मिले। (Kishtwar Cloud Burst Update)

जम्मू-कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने कहा कि बादल फटने से बहुत बड़ा हादसा हुआ। किश्तवाड़ में माता मचेल की यात्रा के बेस कैंप पर यह हादसा हुआ, बहुत नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री खुद स्थिति पर नजर रख रहे हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, प्रशासन को हर संभव मदद देने को कहा गया है। कोशिश है कि लोगों को वहां से निकाला जाए। प्रशासन पूरी तरह से तैनात है, डिप्टी कमिश्नर खुद मौके पर मौजूद हैं और सरकार की तरफ से सभी निर्देश दिए गए हैं। इतने बड़े हादसे की वजह से मुख्यमंत्री का कश्मीर में जो कार्यक्रम होना था, उसे रद्द कर दिया गया है। परेड के बाद जो सांस्कृतिक गतिविधि होनी थी, उसे भी रद्द कर दिया गया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवारों को हिम्मत दे और जो घायल हुए हैं वे जल्द ठीक हों। (Kishtwar Cloud Burst Update)

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में लगातार बारिश के बाद मेंढर नदी के उफान पर आने के बाद इंजीनियर रेजिमेंट के हवलदार मिथुन पॉल ने भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर के साथ निचले इलाकों से फंसी महिलाओं को बचाया। इसे लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहती है। बचाव कार्य के दौरान किसी को चोट नहीं आई। बचाई गई एक महिला ने कहा कि मैं भारतीय सेना और पुलिस को मुझे बचाने के लिए किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद देती हूं। इधर, उत्तर प्रदेश के गंगा नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण कासगंज के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। डीएम प्रणव सिंह ने कहा कि कासगंज में परसों तक पानी ज्यादा हो गया था तो हमने वहां पर स्टीमर तैनात कर दिए थे। 15 हमारे मोटर बोट तैनात हैं। इसके साथ ही पटयाली क्षेत्र बहुत अधिक प्रभावित हुआ है। तो वहां पर हमने 350 राहत किट बांटे हैं। मेडिकल टीम हर जगह जा रहे हैं। पशु चिकित्सक की टीम भी एक लगा रखी है। पानी को साफ करने वाली किट में बांटी जा रही है। पिछले 2 दिनों से पानी घट रहा है। अगले 2-3 दिन में पानी घट जाएगा। फिर सारे गांव की सफाई कराई जाएगी। (Kishtwar Cloud Burst Update)



