Google Analytics —— Meta Pixel

सास-ससुर को खाट से बांधकर पेट्रोल बम से उड़ाने वाला दामाद गिरफ्तार, सुरेश ठाकुर ने 2 साथियों के साथ दिया था वारदात को अंजाम

Koriya Double Murder Case: कोरिया जिले में दामाद ने अपनी सास और ससुर को खाट से बांधकर पेट्रोल बम से उड़ा दिया, जिससे ससुर की मौके पर मौत हो गई। जबकि सास ने तीसरे दिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दरवाजा बंद कर फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में जुटी पुलिस ने आरोपी दामाद सुरेश ठाकुर उर्फ कानपुरिया, प्रदीप बैरागी और सहदेव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का बैकुंठपुर में आधा सिर मुंडवाकर जुलूस भी निकाला। आरोपी दामाद अपनी पत्नी के मायके लौटने से नाराज था। उसने पहले भी अपने साले पर गोली चलाई थी।  

यह भी पढ़ें:- दीपावली पर PM मोदी ने देशवासियों को लिखा पत्र, कहा- ऑपरेशन सिंदूर में मर्यादा का पालन करते हुए लिया अन्याय का बदला

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। 14 अक्टूबर की रात को बचरापोंडी चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़े साल्ही गांव में रायराम केंवट के घर में आग लग गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर पूरी तरह जल चुका था। अंदर रायराम की जली हुई लाश मिली, वहीं उसकी पत्नी पार्वती बाई गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिली, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। (Koriya Double Murder Case)

विशेष टीम का किया गया था गठन

कोरिया रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी राजेश कुमार साहू, बैकुंठपुर कोतवाली, पोड़ी बचरा चौकी और सायबर सेल को शामिल किया गया। जांच में यह सामने आया कि रायराम के कानपुर में रहने वाले दामाद सुरेश ठाकुर ने अपने मंडला में रहने वाले साथी प्रदीप बैरागी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। तीसरे आरोपी सहदेव सूर्यवंशी ने दोनों को वारदात के बाद छिपने में मदद की।

आरोपियों ने खड़गवां से लगाया था पेट्रोल

मौके से एक जेरिकेन का ढक्कन बरामद हुआ था, जिसमें पेट्रोल की तेज गंध थी। वहीं घायल पार्वती बाई के बयान में साफ तौर पर सुरेश ठाकुर का नाम सामने आया। इसके बाद सायबर सेल की तकनीकी सहायता से पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर तक दबिश दी। बाद में आरोपियों को रतनपुर-कटघोरा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे खड़गवां से जेरिकेन में पेट्रोल भरवाकर रात के समय रायराम के घर पहुंचे थे। सोते हुए रायराम पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस दौरान उसकी पत्नी पार्वती बाई भी झुलस गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

हथियार और गोला-बारूद भी बरामद

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अगर समय रहते कार्रवाई न होती, तो आरोपी कोई और बड़ी वारदात भी कर सकते थे।कोरिया पुलिस की त्वरित और तकनीकी कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि इस गंभीर और जटिल दोहरे हत्या कांड को जिस तत्परता से सुलझाया गया है, वह पुलिस टीम की सूझबूझ, समन्वय और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि हथियारों की बरामदगी से यह भी स्पष्ट होता है कि आरोपी आगे कोई और आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। (Koriya Double Murder Case)

अपराधियों का निकाला गया जुलूस 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस पुलिस लाइन बैकुंठपुर से कुमार चौक तक निकाला। इस दौरान शहर की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अपराध के खिलाफ नारों के साथ अपना गुस्सा जाहिर किया। जुलूस के दौरान आरोपियों से बुलवाया गया पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है। SP रवि कुमार कुर्रे ने कहा कि इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में हमारी टीम ने अथक मेहनत की है। मैं टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई देता हूं। जनता की सुरक्षा के लिए हमारी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। (Koriya Double Murder Case)

Back to top button
error: Content is protected !!