Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस ने बदले 3 राज्यों के प्रभारी, कुमारी शैलजा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की नई प्रभारी

Kumari Selja: कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रभारियों में फेरबदल किया है। दरअसल, पार्टी ने तीन राज्यों के प्रभारी बदल दिए हैं। इसमें राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। पंजाब के पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान, कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ और शक्ति सिंह गोहिल को दिल्ली के अलावा हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। नई नियुक्तियों को लेकर महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्र जारी किया है। शैलजा ने पुनिया, रंधावा ने अजय माकन और गोहिल ने विवेक बंसल की जगह ली है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ये बदलाव आए हैं।

यह भी पढ़ें:- नए साल में घूमने का है प्लान, तो भारत की इन जगहों पर करें सेलिब्रेट

छत्तीसगढ़ और राजस्थान में वर्तमान में कांग्रेस सत्ता में है। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक संदेश में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में ये नियुक्तियां की हैं। पार्टी अजय माकन, पीएल पुनिया और विवेक बंसल के योगदान की सराहना करती है और उन्हें उनके संबंधित राज्यों के महासचिव और प्रभारियों के रूप में उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त करती है। आदेश में ये भी कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरदीप सिंह सप्पल को पवन कुमार बंसल के साथ लगाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री बंसल वर्तमान में पार्टी के कोषाध्यक्ष हैं और प्रशासनिक विभाग के प्रभारी भी हैं। (Kumari Selja)

बता दें कि पीएल पुनिया पिछले पांच सालों से प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रहे हैं, जिनकी छत्तीसगढ़ से छुट्‌टी हो गई है। हरियाणा की खांटी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया गया है। इस नियुक्ति को 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई स्टीयरिेंग कमेटी की पहली बैठक के बाद नई नियुक्तियां होने लगी है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि पीएल पुनिया का कार्यकाल पूरा हो गया था। ऐसे में उनकी जगह नई नियुक्ति की गई है। कुमारी शैलजा की नियुक्ति से प्रदेश कांग्रेस की चुनावी रणनीति में कुछ नयापन आएगा। यह पार्टी के लिए बेहद मददगार होगा। (Kumari Selja)

बता दें कि कांग्रेस पार्टी के बाद BJP भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों और उसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आधे राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी कर चुकी है। नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा इसी महीने हो सकती है। जिन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं, उनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और गोवा शामिल हैं। भाजपा मुख्यालय में दो दिन चलने वाली पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक सोमवार को शुरू हुई। पार्टी के उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बताया कि सोमवार को बैठक में बूथ को और मजबूत करने की चर्चा हुई।

पार्टी यह कोशिश कर रही है कि बूथ को न सिर्फ मजबूत किया जाए, बल्कि इस काम में लगे कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय रखा जाए। सोमवार को बैठक में PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि सीमावर्ती गांवों तक पहुंच कर कार्यकर्ताओं को विभिन्न तरह की गतिविधियां चलानी चाहिए। देश में 500 सीमावर्ती गांव में पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचकर वहां सफाई अभियान, खेल प्रतियोगिता, सेमिनार, डिबेट, फूड फेस्टिवल जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करें। मोदी ने स्नेह मिलन कार्यक्रम चलाने का सुझाव भी दिया। इसमें देश भर के विभिन्न राज्यों के लोग देश के दूसरे राज्यों में जाकर वहां के लोगों से मिले-जुले। अब देखना होगा कि इन बदलाव से किस पार्टी को कितना फायदा मिलता है। (Kumari Selja)

Back to top button
error: Content is protected !!