Google Analytics —— Meta Pixel

कामों में लापरवाही बरतने पर राज्य शासन ने की कड़ी कार्रवाई, कुम्हारी नगर पालिका CMO निलंबित

Kumhari CMO Suspended: डिप्टी CM और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के नगर पालिका कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान अपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड संधारण, कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति पाए जाने के बाद राज्य शासन ने कुम्हारी नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निलंबित कर दिया है। डिप्टी CM साव के औचक निरीक्षण के बाद नगरीय प्रशासन और विकास विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएमओ नेतराम चंद्राकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साव के 9 मई को कुम्हारी नगर पालिका कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान अधिकांश अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी और निष्ठा एप में उपस्थिति नहीं पाई गई।

यह भी पढ़ें:- शिक्षा विभाग के अधिकारियों का तबादला, मुख्यमंत्री साय की सख्त चेतावनी के बाद पहली कार्रवाई

नगर पालिका लेखा के निरीक्षण में कैशबुक पंजी और लेखा पंजी अपूर्ण पाया गया। निकाय में पेयजल संकट की स्थिति, अमृत मिशन और अटल परिसर के निर्माण की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई। निकाय में राजस्व वसूली, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य निर्माण कार्यों के साथ ही सुशासन तिहार में आवेदनों के निराकरण की प्रगति भी अत्यधिक धीमी पाई गई। डिप्टी CM साव के औचक निरीक्षण और कार्यों की समीक्षा में सीएमओ नेतराम चंद्राकर संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। इस दौरान उनकी भाषा-शैली भी अशोभनीय थी। राज्य शासन ने कुम्हारी नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर के इस कृत्य को गंभीर कदाचार मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। (Kumhari CMO Suspended)

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। डिप्टी CM साव ने 9 मई को कुम्हारी नगर पालिका कार्यालय के औचक निरीक्षण में गंभीर अव्यवस्था और अनुशासनहीनता पाई थी। उन्होंने अपूर्ण दस्तावेजों, रिकॉर्ड संधारण और कार्यों में लापरवाही पर सीएमओ को फटकार लगाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और अमृत मिशन के कार्यों में धीमी प्रगति पर असंतुष्टि जताई थी। साव वहां सुशासन तिहार में आवेदनों के निराकरण की धीमी प्रगति से भी नाखुश थे। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। (Kumhari CMO Suspended)

Back to top button
error: Content is protected !!