यह भारत के लिए विश्व का नेतृत्व करने का क्षण है: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला

LoK Sabha Speaker Birla: नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एल्युमीनियम एक्सट्रूडेड उत्पादों के वैश्विक सम्मेलन और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी एल्युमेक्स इंडिया 2025 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की विशाल जनसंख्या, मजबूत औद्योगिक आधार और नवाचार की क्षमता देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन्हीं विशेषताओं के चलते आज भारत अभूतपूर्व अवसरों की दहलीज पर खड़ा है और यह समय वास्तव में भारत का समय है, जब देश विश्व मंच पर नेतृत्व और गतिशीलता का प्रदर्शन कर रहा है।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से की बात, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद से भी की चर्चा
लोकसभा अध्यक्ष ने एल्युमीनियम की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एल्युमीनियम की बहुमुखी प्रतिभा और विभिन्न उद्योगों में इसके व्यापक उपयोग विकास की गति बढ़ाने में अहम है। इसकी पुनर्चक्रणीय प्रकृति इसे स्वच्छ ऊर्जा और हरित पहलों का प्रमुख साधन बनाती है, जो भारत की पर्यावरणीय स्थिरता के संकल्प के साथ पूरी तरह मेल खाती है। एमएसएमई क्षेत्र और इसे संचालित करने वाले उद्यमी आज भारत की सबसे बड़ी संपत्तियों में से हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसी पहलों को क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि इनके परिणाम अब स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। भारतीय उत्पाद और नवाचार न केवल घरेलू आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं बल्कि तेजी से वैश्विक निर्यात का हिस्सा भी बन रहे हैं। (LoK Sabha Speaker Birla)

लोकसभा स्पीकर ने कहा कि ऐसे वैश्विक सम्मेलन उद्योग जगत के नेताओं, शोधकर्ताओं और नवप्रवर्तकों को सहयोग करने, ज्ञान साझा करने और नई तकनीकों की खोज के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तेजी से बदलते वैश्विक परिवेश में नवाचार को प्रतिस्पर्धात्मकता की प्रेरक शक्ति बने रहना चाहिए। उन्होंने भारत के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि स्टार्टअप, अत्याधुनिक अनुसंधान और डिजिटल समाधान एल्युमीनियम सहित उद्योगों को नया आकार दे रहे हैं। साथ ही दूरगामी सामाजिक और आर्थिक परिणाम उत्पन्न कर रहे हैं। बिड़ला ने विश्वास व्यक्त किया कि एल्युमेक्स इंडिया 2025 भारत के एल्युमीनियम क्षेत्र को मजबूत करने, स्थायी प्रथाओं को बढ़ावा देने और 2047 तक एक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व स्तर पर सम्मानित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प को आगे बढ़ाने में सार्थक योगदान देगा। (LoK Sabha Speaker Birla)

बता दें कि यह आयोजन एल्युमीनियम एक्सट्रूज़न मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से किया जा रहा है। इसमें अग्रणी कंपनियों, स्टार्टअप्स, उद्योग विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं की भागीदारी है। कार्यक्रम का उद्देश्य नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन करना, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना और एल्युमीनियम उद्योग के भविष्य पर विचार करना है। इस दौरान नवाचार और स्थिरता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। इस तरह एल्युमेक्स इंडिया 2025 सिर्फ एक औद्योगिक प्रदर्शनी नहीं बल्कि भारत के लिए औद्योगिक प्रगति, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में बढ़ता हुआ कदम साबित हो रहा है। (LoK Sabha Speaker Birla)



