माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट बना बस्तर की प्रगति का नया द्वार, अब तक 3 लाख तीन लाख यात्रियों ने भरी उड़ान
Maa Danteshwari Airport : राज्य गठन के 25 वर्षों की विकास यात्रा में छत्तीसगढ़ ने आवागमन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जहां राजधानी रायपुर पहले से ही देश के प्रमुख शहरों से हवाई मार्ग से जुड़ा हुआ था, वहीं अब बस्तर, बिलासपुर और अंबिकापुर जैसे शहर भी विमान सेवाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। खास तौर पर बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर एयरपोर्ट के माध्यम से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।
यह भी पढ़े :- माँ शारदा को समर्पित अनवरत सृजन के लिए कवयित्री सुषमा प्रेम पटेल सम्मानित
माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट का इतिहास
जगदलपुर स्थित हवाई अड्डे (Maa Danteshwari Airport) का निर्माण वर्ष 1939 में ब्रिटिश शासनकाल के दौरान हुआ था। इसे उस समय “जहाज भाटा” नाम से जाना जाता था।
- 2017 में केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत इसका उन्नयन कार्य प्रारंभ हुआ।
- 2019 में इसे 3-सी श्रेणी में अपग्रेड किया गया, जिससे एटीआर-72 जैसे विमानों का संचालन संभव हो पाया।
- 2020 में छत्तीसगढ़ सरकार ने एयरपोर्ट का नामकरण बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के नाम पर किया।
उड़ान सेवाओं का विस्तार
सितंबर 2020 में जगदलपुर से रायपुर और हैदराबाद के लिए एलायंस एयर ने नियमित उड़ानें शुरू कीं। इसके बाद दिल्ली, जबलपुर और बिलासपुर के लिए भी सेवाएं प्रारंभ हुईं। मार्च 2024 से इंडिगो एयरलाइंस ने रायपुर और हैदराबाद के लिए दैनिक उड़ानें शुरू कीं। इसके अतिरिक्त पैरामिलिट्री बलों के लिए दिल्ली हेतु विशेष सेवा भी संचालित हो रही है।
अब तक 3 लाख यात्री लाभान्वित
अब तक लगभग तीन लाख यात्री जगदलपुर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा कर चुके हैं। इससे-
- स्थानीय नागरिकों को बड़े शहरों तक सरल पहुँच मिली है,
- व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है,
- गंभीर मरीजों को बड़े अस्पतालों तक शीघ्र उपचार के लिए पहुँचाना संभव हुआ है,
- विद्यार्थियों और युवाओं के लिए रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसर सुलभ हुए हैं।
पर्यटन और व्यापार को नया आयाम
बस्तर के हस्तशिल्प, वनोपज और हर्बल उत्पाद अब देश के प्रमुख बाजारों तक आसानी से पहुँच रहे हैं। वहीं, चित्रकूट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और ऐतिहासिक बस्तर दशहरा जैसे पर्यटन स्थलों तक देश-विदेश से पर्यटकों की पहुँच भी सहज हुई है।
विकास का नया द्वार
जगदलपुर एयरपोर्ट (Maa Danteshwari Airport) बस्तर अंचल के लिए विकास का नया द्वार बनकर उभरा है। इससे न केवल आंतरिक क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाएँ पहुँच रही हैं, बल्कि बस्तर को राष्ट्रीय परिदृश्य पर नई पहचान भी मिल रही है। आने वाले समय में यह एयरपोर्ट क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।



