हवाई सेवा से जुड़ेगा सरगुजा, जानिए दरिमा के मां महामाया एयरपोर्ट में क्या है खास

Maa Mahamaya Airport: सरगुजा क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने जा रही है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र सरगुजा हवाई सेवा से जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्टूबर को अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट का वर्चुअल रुप से लोकार्पण कर सरगुजावासियों को सौगात देंगे। हवाई सेवा से जुड़ने से सरगुजा संभाग के सभी जिलों जैसे सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विमान सेवा से जुड़ने पर सरगुजा संभाग में पर्यटन, वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आवागमन की सुविधा के विस्तार के साथ क्षेत्रवासियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
यह भी पढ़ें:- रायपुर दक्षिण से पूर्व सांसद सुनील सोनी को टिकट, 13 नवंबर को मतदान
प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से दोपहर 4 बजे बजे मां महामाया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, डिप्टी CM अरुण साव, विजय शर्मा, केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू, केंद्रीय नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहेंगे। (Maa Mahamaya Airport)

अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और अध्यक्ष राज्य युवा आयोग विश्व विजय सिंह तोमर उपस्थित रहेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में महामाया एयरपोर्ट के लोकार्पण समारोह का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शुरू हो जाएगा। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 3 बजे से 3.15 बजे तक एयरपोर्ट का भ्रमण और अवलोकन करेंगे। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत और भेंट, दीप प्रज्ज्वलन समेत अतिथियों का उद्बोधन होगा। (Maa Mahamaya Airport)

शाम 4.00 बजे वाराणसी से लाइव प्रसारण की शुरुआत होगी। 4.05 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से मां महामाया एयरपोर्ट का शुभारंभ होगा। 4.05 से 4.20 बजे तक प्रधानमंत्री का उद्बोधन होगा। जानकारी के मुताबिक मां महामाया एयरपोर्ट में लगभग 80 करोड़ की लागत से कार्य किए गए हैं। दरिमा हवाई पट्टी का निर्माण 1950 में हुआ था। इसे प्रारंभिक दौर में W.B.M. सतह से निर्मित किया गया था, जिसकी लंबाई 1200 मीटर थी। यह हवाई पट्टी अंबिकापुर शहर से 13 कि.मी. की दूरी पर दरिमा गांव में निर्मित है। इसका पूरा क्षेत्रफल 365 एकड़ है और यह हवाई पट्टी समुद्र तल से 1924 फीट ऊंचाई में स्थित है। (Maa Mahamaya Airport)

हवाई अड्डे के विकास के लिए रुपए 46.27 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति लोक निर्माण विभाग को जारी की गई, जिसके तहत लोक निर्माण विभाग की ओर से दिसंबर 2021 से उन्नयन कार्य 3 CVFR के अनुरूप शुरू किया गया। लोक निर्माण विभाग की ओर से अप्रैल 2023 को कार्य को पूर्ण कराकर लाइसेंस के लिए आवेदन किया गया, जिसके तहत DGCA के द्वारा मई 2023 को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद पूर्ण औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए DGCA के द्वारा 15 मार्च 2024 को एरोड्रम लाइसेंस जारी किया गया। रनवे को लंबाई 1500 मी. से बढ़ाकर 1800 मी. किया गया। (Maa Mahamaya Airport)

इन तकनीकों से लैस होगा एयरपोर्ट
रनवे की लंबाई 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया। रनवे के मजबूतीकरण के लिए पीसीएन को बढ़ाकर 25 किया गया, जिसे एटीआर 72 के अनुरूप किया गया। नए एपरोन को 110 मी.×127 मी. का बनाया गया, जो कि एक साथ 2 एटीआर 72 हवाई जहाज को खड़ा करने के लिए उपयुक्त है। इसके साथ आइसोलेशन वे, दोनों तरफ आरईएसए एवं 25×150 मीटर के दो टैक्सी-वे का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही पैरीमीटर रोड और अन्य एप्रोच रोड का डामरीकरण कार्य कराया गया। पूर्ण क्षेत्रफल लगभग 8 कि.मी. की लम्बाई में बाउंड्रीवाल की ऊंचाई 1.5 मीटर से बढ़ाकर 3.2 मीटर की गई। सारे आंतरिक मार्गों का डामरीकरण और रोड फर्नीचरिंग एवं मार्किंग का कार्य कराया गया। टर्मिनल भवन का उन्नयनीकरण 20 यात्रियों से बढ़कर 72 यात्रियों के अनुरूप किया गया। एटीसी ऑफिस, एमईटी ऑफिस, एसीसीआर रूम, फायर स्टोर, इलेक्ट्रीकल पैनल रूम अन्य अधोसंरचना के कार्य कराए गए हैं। (Maa Mahamaya Airport)

सरगुजा अंचल के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल
सरगुजा अंचल में पर्यटन की असीम संभवानाएं विद्यमान है। हवाई सेवा शुरू होने से निःसंदेह इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सरगुजा क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलोें में राजारानी मंदिर, बाबा बम्लेश्वर मंदिर, सरगुजा पैलेस, कैलाश गुफाएं, प्राकृतिक सौदर्य से भरपूर चिरमिरी, ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मंदिर रतनपुर, रामगढ़ स्थित जोगीमारा, सीताबेंगरा एवं लक्ष्मण गुफा तथा छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट शामिल है। सरगुजा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में कई जैन मंदिर, बाबा भीम मंदिर, राम मंदिर, महामाया मंदिर तथा मैनपाट स्थित बौद्ध मंदिर शामिल है। (Maa Mahamaya Airport)



