Mahasamund car crash : ड्राइवर को आई झपकी, हाईवा से भिड़ी कार, बैंक मैनेजर के माता-पिता समेत 3 की मौत

Mahasamund car crash : महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर लौट रहे बैंक मैनेजर की तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराई। भीषण टक्कर में उनके माता-पिता और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बैंक मैनेजर, उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें :- PM Ayushman Vaya-Vandana Card : छत्तीसगढ़ पीएम आयुष्मान वय-वंदना कार्ड बनाने में देश में पांचवें स्थान पर, राजस्थान-महाराष्ट्र से आगे
यह हादसा शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे कोडार बांध के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, चंदन अभिषेक भारतीय स्टेट बैंक, नरहरपुर (कांकेर) में पदस्थ हैं। वे अपने परिवार के साथ झारखंड के बोकारो से रायपुर लौट रहे थे। कार में उनके पिता अवध किशोर पांडेय (69), माता चित्रलेखा पांडेय (65), पत्नी खुशबू कुमारी, 6 वर्षीय बेटा ध्रुव अभिषेक और ड्राइवर ईश्वर ध्रुव (34) सवार थे। (Mahasamund car crash)
कोडार बांध के पास पहुंचते ही कार चला रहे ड्राइवर को नींद की झपकी लग गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
तीनों की मौके पर मौत, बाकी गंभीर घायल
हादसे में अवध किशोर पांडेय, चित्रलेखा पांडेय और ड्राइवर ईश्वर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चंदन अभिषेक, उनकी पत्नी और बेटे को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही महासमुंद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए तुमगांव भेजा। जांच में सामने आया कि हाईवा ट्रक बिना इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर के खड़ा था। पुलिस ने हाईवा चालक पर मामला दर्ज कर लिया है। (Mahasamund car crash)
एक दिन, दो हादसे, 7 मौतें
इसी दिन सरायपाली क्षेत्र में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। शीतला मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। बाइक पर सवार चार युवकों में से दो – किशन भोई (20) और अनीश बांक (20) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनीष बांक (22) और गोपाल कोड़ाकू (22) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में मृतकों का पंचनामा कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। 24 घंटे में दो हादसों में कुल सात युवाओं की जान चली गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है। (Mahasamund car crash)



