Maitri Bagh Zoo Bhilai : मैत्री बाग चिड़ियाघर में नए मेहमानों का स्वागत जल्द, तेंदुआ और भालू का जोड़ा जल्द होगा शामिल

Maitri Bagh Zoo Bhilai : भिलाई के प्रसिद्ध मैत्री बाग चिड़ियाघर में जल्द ही तेंदुआ और भालू के नए जोड़े को शामिल किया जाएगा। यह पहल भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन द्वारा संचालित जू की विनिमय योजना के तहत की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत मैत्री बाग से कुछ समय पहले सफेद बाघों का एक जोड़ा नंदन वन, नया रायपुर भेजा गया था, और उसके बदले में तेंदुआ और भालू का जोड़ा मिल रहा है।
मैत्री बाग प्रबंधन के अनुसार, ये दोनों प्राणी बिलासपुर और नया रायपुर स्थित चिड़ियाघरों से आ रहे हैं। इसके अलावा, जल्द ही यहां से 24 सांभर भी नंदन वन को भेजे जाएंगे। इस जैव विविधता आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न प्रजातियों का संरक्षण, बेहतर प्रबंधन और अनुवांशिक विविधता को बढ़ावा देना है। (Maitri Bagh Zoo Bhilai)
मैत्री बाग के पशु चिकित्सक डॉ. एन.के. जैन ने बताया कि इस तरह के अंतर-चिड़ियाघर सहयोग से देशभर के चिड़ियाघरों में प्रजातियों का संतुलित वितरण होता है और संरक्षण कार्यों को नई दिशा मिलती है।
नए तेंदुए और भालू के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके लिए विशेष बाड़े बनाए गए हैं, जहां उन्हें पहले कुछ दिन के लिए रखा जाएगा। इस दौरान उनकी निगरानी की जाएगी और यह देखा जाएगा कि वे नई जगह में कितनी जल्दी ढल पाते हैं। उनके स्वास्थ्य और व्यवहार का मूल्यांकन करने के बाद उन्हें मुख्य बाड़ों में शिफ्ट किया जाएगा, जहां दर्शक उन्हें देख सकेंगे। (Maitri Bagh Zoo Bhilai)
मैत्री बाग चिड़ियाघर सफेद बाघों के संरक्षण का प्रमुख केंद्र है। वर्तमान में यहां 7 सफेद बाघ हैं। डॉ. जैन के अनुसार, चिड़ियाघर में हर प्रजाति की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संतुलित आहार और रहन-सहन की व्यवस्था की जाती है।
भीषण गर्मी के मौसम में वन्य प्राणियों को राहत देने के लिए बाड़ों में स्प्रिंकलर, ग्रीन नेट्स, कृत्रिम झरने, मड बाथ, टायफा मैट जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। वहीं सर्दियों में अलाव की व्यवस्था की जाती है। (Maitri Bagh Zoo Bhilai)



