Google Analytics —— Meta Pixel

फर्नीचर घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

अंबिकापुर। राजीव गांधी शिक्षा मिशन में वर्ष 2011-12 के दौरान हुई कथित फर्नीचर खरीदी में करोड़ों रुपये की अनियमितता के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद ACB ने मामले में तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी पाण्डेय और दर्शन फेब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल समेत तीन लोग शामिल हैं।

मामला वर्ष 2011-12 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत हुई फर्नीचर खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितता और नियमों की अनदेखी से जुड़ा है। मामले की जांच के दौरान ACB को खरीदी प्रक्रिया से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिले हैं।

करीब दो महीने पहले ACB की टीम ने संबंधित कार्यालय पहुंचकर फर्नीचर खरीदी से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की थी। इस दौरान टीम ने हार्ड कॉपी दस्तावेजों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए थे।

जांच में विभाग के करीब छह से सात अधिकारियों की भूमिका सामने आने की बात कही गई थी। इसके अलावा फर्नीचर की सप्लाई और खरीदी से जुड़ी करीब 12 फर्मों को भी जांच के दायरे में रखा गया था।

ACB ने मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 और 120-B के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) और 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ACB अब जब्त दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। जांच में घोटाले से जुड़े अन्य अधिकारियों और फर्मों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

यह भी पढ़े :- तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोपेड सवार महिला की मौत, पिता गंभीर

Back to top button
error: Content is protected !!