दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को राहत नहीं, 22 जुलाई तक बढ़ाई गई न्यायिक हिरासत
Manish Sisodia Case Update: आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को कोर्ट से फिर झटका लगा है। दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 22 जुलाई 2024 तक बढ़ा दी है। सुनवाई के दौरान सिसोदिया और अन्य आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया था। राउज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल जज कावेरी बावेजा ने सिसोदिया की ओर से पेश वकील की दलील सुनने के बाद मामले को 22 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- अभी जेल में ही रहेंगे दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल, हाईकोर्ट ने नहीं दी जमानत
बता दें कि CBI ने सिसोदिया को 6 जुलाई को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था, जहां कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत 15 जुलाई तक बढ़ा दी थी। इससे पहले 11 जुलाई को मनीष सिसोदिया की जमानत की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई से ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार ने खुद को बेंच से अलग कर दिया था, जिसके बाद सुनवाई टल गई थी। मनीष सिसोदिया ने शराब नीति केस से जुड़े ED और CBI मामले में जमानत पर पुनर्विचार के लिए दो अलग-अलग याचिका लगाई है। ट्रायल कोर्ट ने 30 अप्रैल को सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इस फैसले के खिलाफ सिसोदिया दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे थे। (Manish Sisodia Case Update)
26 फरवरी 2023 से जेल में बंद है सिसोदिया
हाईकोर्ट ने 21 मई को सिसोदिया को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालांकि उन्हें SC से भी राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने 4 जून को सिसोदिया की जमानत याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद सिसोदिया ने दोबारा विचार करने के लिए याचिका लगाई थी। बता दें कि मनीष सिसोदिया को CBI ने पिछले साल 26 फरवरी को और ED ने 9 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्होंने 28 फरवरी 2023 को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया, जो फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। (Manish Sisodia Case Update)



