पाकिस्तान से बातचीत की सलाह पर घिरे अय्यर, भाजपा बोली- कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर बेनकाब

Manishankar Aiyar on Pakistan: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के एक बयान ने सियासी गलियारों में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अय्यर ने भारत सरकार से ऑपरेशन सिंदूर को तत्काल समाप्त करने और पाकिस्तान के साथ बिना देरी बातचीत शुरू करने की सलाह दी है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब मई 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। अय्यर का यह बयान एक इंटरव्यू के दौरान दिया गया, जिसका वीडियो रविवार को सामने आने के बाद वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही भाजपा और विश्व हिंदू परिषद ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और कांग्रेस पर पाकिस्तान समर्थक रुख अपनाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें:- हिंदू धर्म आध्यात्मिक परंपरा, हिंदुत्व सिर्फ राजनीतिक विचारधारा: कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर
मणिशंकर अय्यर ने कहा कि भारत को तनाव बढ़ाने के बजाय पाकिस्तान से सार्थक संवाद की ओर लौटना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को तुरंत ऑपरेशन सिंदूर खत्म करना चाहिए। अय्यर ने आगे कहा कि बातचीत ही दोनों देशों के बीच तनाव कम करने का रास्ता है। उनके मुताबिक सैन्य कार्रवाइयों से स्थायी समाधान नहीं निकलता। इस पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस बता दिया। साथ ही कहा कि कांग्रेस बार-बार पाकिस्तान को क्लीन चिट देती है और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन नहीं करती। कांग्रेस की पहचान है- PAK मेरा भाईजान, सेना का करो अपमान। (Manishankar Aiyar on Pakistan)
VHP ने जताया विरोध
पूनावाला ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक को खून की दलाली कहा था। कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर को विफल बताती रही है। अब गांधी परिवार के इशारे पर मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान के लिए फिर से पैरवी कर रहे हैं और ऑपरेशन सिंदूर का मखौल उड़ा रहे हैं। वहीं विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अय्यर के बयान को हिंदू विरोधी और पाकिस्तान प्रेमी सोच का उदाहरण बताया। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि मणिशंकर अय्यर कोई पहले नेता नहीं हैं। पाकिस्तान का जन्म खुद कांग्रेसी मानसिकता के कारण हुआ। विभाजन के बाद उसे आर्थिक मदद तक दी गई। यह कांग्रेस की प्रकृति रही है। लाखों हिंदुओं के कत्लेआम के बाद भी कांग्रेस ने मदद की। आतंकियों को पाला पोसा और इम्पोर्ट किया। भारत में विभाजनकारी नीतियों को उन्होंने पाकिस्तान को शह देने के साथ साथ प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने साधा निशाना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह कांग्रेस का चरित्र है। बार-बार पाकिस्तान परस्ती क्यों होना चाहिए? प्रधानमंत्री, भाजपा का रुख स्पष्ट है कि हमारे देश के प्रति जिसकी दुर्भावना हो, ऑपरेशान सिंदूर के जरिए हमने अपने नागरिकों का बदला लिया है। ऐसे में इस तरह का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है, मणिशंकर अय्यर को माफी मांगनी चाहिए। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि यह तो कांग्रेस का पाकिस्तान पुराना प्यार है, यह बात सब लोग जानते हैं। इसीलिए जनता कांग्रेस को सत्ता से दूर रख रही है। इसलिए, आज के दिन में उनका बयान गलत है। (Manishankar Aiyar on Pakistan)
अय्यर कौन होते हैं हमें पाठ पढ़ाने वाले?: चंदोलिया
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि मणिशंकर अय्यर कौन होते हैं हमें पाठ पढ़ाने वाले? जब 10 साल कांग्रेस का शासन था, तब कितनी आतंकवादी घटनाएं होती थी। कांग्रेस के लोग चाहते हैं कि देश में आतंकी गतिविधियां बनी रहें। नरेंद्र मोदी के शासन में पाकिस्तान अगर चूं भी करेगा तो उसका जवाब ठोक कर दिया जाएगा। वहीं सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि मणिशंकर अय्यर का बयान हो या अमेरिका का बयान ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई देशों ने भारत-पाक तनाव कम करने के लिए बातचीत की बात कही थी। सरकार एक तरफ कहती है कि खून और पानी साथ नहीं बहेंगे, दूसरी तरफ भारत-पाक क्रिकेट मैच होता है, तो कई सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस सांसद जावेद ने बताया निजी राय
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय हित में क्या है और दोनों देशों के संबंध कैसे संभाले जाएं, यह तय करना मौजूदा सरकार का काम है। यह सरकार का आंतरिक मामला है और इस पर किसी को विशेष टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। सीपीआई (एम) नेता हन्नान मोल्लाह ने कहा कि यह एक तर्कसंगत राय है। हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। अगर इसमें कोई दम होगा तो लोग स्वीकार करेंगे, नहीं होगा तो खारिज कर देंगे। वहीं कांग्रेस सांसद और बंगाल कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य मोहम्मद जावेद ने कहा कि यह अय्यर की अपनी सोच है, लेकिन यह सही है कि जो दोस्ती के काबिल है उससे दोस्ती रखनी चाहिए और जो नहीं है उसे समझाना चाहिए। (Manishankar Aiyar on Pakistan)
मणिशंकर अय्यर के पिछले विवादित बयान
28 अगस्त 2025 को अय्यर ने कहा था कि पहलगाम हमले को लेकर भारत के सांसद दुनियाभर में पाकिस्तान को बेनकाब करने गए, लेकिन कोई देश हमारी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका ने भी पाकिस्तान को जिम्मेदार नहीं ठहराया, क्योंकि भारत कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाया। 5 मार्च 2025 को अय्यर ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शिक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि दो बार फेल होने के बावजूद वे प्रधानमंत्री कैसे बने। इस बयान पर भी कांग्रेस और विपक्षी हलकों में काफी विवाद हुआ था। 11 जनवरी 2025 को अय्यर ने कहा था कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को जब तक वे चाहें, भारत में रहने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि भारत को उनका जीवनभर मेजबान बने रहने में भी कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।



