Google Analytics —— Meta Pixel

खराब खाना खाने से 25 स्वास्थ्यकर्मियों की बिगड़ी तबीयत, उल्टी-दस्त और तेज बुखार की शिकायत

MC Saxena Training Centre: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित एमसी सक्सेना ट्रेनिंग सेंटर में खाना खाने के बाद इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) के 25 ट्रेनी अचानक बीमार पड़ गए। सभी ट्रेनियों को उल्टी-दस्त, तेज बुखार और कमजोरी की शिकायत के बाद लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बीमार पड़े ट्रेनियों में से 20 का इलाज बलरामपुर अस्पताल के SSB ब्लॉक स्थित डेंगू वार्ड में चल रहा है, जबकि 5 ट्रेनी ठाकुरगंज के टीबी अस्पताल में भर्ती हैं। ट्रेनियों ने बताया कि बुधवार रात ट्रेनिंग सेंटर में उन्हें छोला-चावल, रोटी और आलू की सब्जी परोसी गई थी। खाना खाने के बाद रात 10 बजे एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।

यह भी पढ़ें:- राष्ट्रीय पटल पर चमका छत्तीसगढ़, ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा’ में ईएमआरएस कोसमबुड़ा ने हासिल किया प्रथम स्थान

कुछ ट्रेनियों को तेज बुखार आया तो कई को लगातार उल्टियां और दस्त शुरू हो गए। हालत इतनी खराब हो गई कि सभी दर्द से कराहने लगे। इसकी सूचना तुरंत ट्रेनिंग सेंटर के अधिकारियों को दी गई। ट्रेनिंग सेंटर की ओर से पहले मौके पर ही दवाएं दी गई, लेकिन जब कोई खास राहत नहीं मिली तो बीमार ट्रेनियों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक ने बताया कि बुधवार देर रात एमसी सक्सेना ट्रेनिंग सेंटर से करीब एक दर्जन ट्रेनी इमरजेंसी में लाए गए थे। सभी को तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। गुरुवार सुबह भी कुछ और ट्रेनियों की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल 18 ट्रेनी बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हैं। 

40 दिन की ट्रेनिंग, 45 हजार रुपए फीस 

राहत की बात यह है कि सभी की हालत में सुधार है और कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है। बताया जा रहा है कि एमसी सक्सेना कॉलेज में 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाली EMRI कंपनी की ओर से EMT की ट्रेनिंग कराई जाती है। यह ट्रेनिंग 40 दिनों की होती है, जिसके लिए हर ट्रेनी से 45 हजार रुपए फीस ली जाती है। एक ट्रेनी ने बताया कि खाना खाने के एक घंटे बाद ही तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। किसी को हाई ग्रेड फीवर था तो किसी को उल्टी-दस्त। पहले दवा ली, लेकिन फायदा नहीं हुआ। इसके बाद एंबुलेंस से बलरामपुर अस्पताल लाया गया। अब थोड़ी राहत है। (MC Saxena Training Centre)

वहीं दूसरे ट्रेनी ने आरोप लगाया कि यहां खाने में अक्सर मैदा मिलाकर दिया जाता है। जब अचानक सभी की तबीयत बिगड़ गई तो मेडिकल किट से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल लाया गया। बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देबाशीष शुक्ला ने बताया कि सभी बीमार ट्रेनियों को पहले इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, अब वार्ड में इलाज चल रहा है। मरीजों में फूड प्वाइजनिंग के स्पष्ट लक्षण हैं। डिहाइड्रेशन की स्थिति बनी हुई थी। सभी का बुखार, बीपी और शुगर-साल्ट लेवल लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। घटना के बाद ट्रेनिंग सेंटर में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ट्रेनियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और भोजन व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!