अचानक छात्रावास पहुंचे कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, छात्रों से पूछी उनकी समस्याएं

Minister Netam in Ambikapur: कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने अंबिकापुर के शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। मंत्री नेताम ने छात्रावास भवन, परिसर, छात्रों के कक्ष, वॉशरूम, छत का अवलोकन किया और छात्रों से उनकी आवश्यकताओं के साथ ही समस्याओं पर चर्चा भी की। मंत्री नेताम ने छात्रावास के निरीक्षण के दौरान भवन की खराब स्थिति को देखकर अधीक्षक से मरम्मत कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। अधीक्षक ने बताया कि विभाग की ओर से मरम्मत कार्य के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद काम शुरू कर दिया गया है। अभी यहां शौचालय मरम्मत और पुट्टी का काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- आजीविका के लिए आयमूलक गतिविधियों को दें बढ़ावा: कृषि मंत्री रामविचार नेताम
मंत्री नेताम ने गंभीरता के साथ मरम्मत कार्य पूर्ण करने कहा। उन्होंने कहा कि छात्रों को किसी प्रकार की समस्या ना हो, सभी कार्य जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने इसके साथ ही छात्रावास के दोनों ओर शौचालय निर्माण कराए जाने, कमरों और छत में टाइल्स लगवाने, भवन के सामने प्रवेशद्वार में पेवर ब्लॉक टाइल्स, खिड़कियों और दरवाजे की मरम्मत के साथ-साथ नेट लगवाने, छत में शेड, पिंलथ प्रोटेक्शन के बाद ड्रेनेज के लिए नाली के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में छात्रों के लिए बास्केटबॉल, बैडमिंटन खेल के लिए पर्याप्त व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया। (Minister Netam in Ambikapur)

उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी, कम्प्यूटर कक्ष की अच्छी व्यवस्था हो। वहीं आवश्यकतानुसार शयन कक्ष में पंखे, लाइट, अलमीरा, टेबल, बेड की व्यवस्था करें। उन्होंने बताया कि उनकी पढ़ाई इस छात्रावास में हुई है। मंत्री नेताम ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राजकुमार, अनिल जायसवाल, आकाश गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता और सुनील बघेल उपस्थित थे। इससे पहले मंत्री नेताम ने शासकीय उद्यान रोपणी और कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी में लगाए गए पौधों और पौधे विकसित किए जाने की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। (Minister Netam in Ambikapur)



