Google Analytics —— Meta Pixel

मजदूरों को रोजगार देने में अव्वल कवर्धा, कई बड़े जिलों को छोड़ा पीछे

MNREGA in Kawardha: छत्तीसगढ़ में मनरेगा के अंतर्गत 4 साल का रिकॉर्ड टूटा है। वहीं मजदूरों को रोजगार देने के मामले में कवर्धा जिला अव्वल आया है। दरअसल, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कबीरधाम जिले में सबसे ज्यादा मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 40 लाख मानव दिवस लक्ष्य के विरुद्ध 43 लाख 62 हजार रोजगार का सृजन हो चुका है, लक्ष्य का 109 प्रतिशत है। रोजगार देने के मामले में जिले ने बहुत से बड़े जिलों को पीछे छोड़ दिया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान से गिरे पेड़, अलग-अलग जिलों में 3 लोगों की मौत

बलौदाबाजार 32 लाख 21 हजार रोजगार सृजन के साथ दूसरे नंबर पर है। इसी तरह बिलासपुर 30 लाख 70 हजार तीसरे और महासमुंद 28 लाख 57 हजार रोजगार सृजन के साथ चौथे नंबर पर है। कबीरधाम में सबसे ज्यादा रोजगार देने का सिलसिला बीते कई सालों से लगातार जारी है। जिले में मजदूरों को रोजगार देने के साथ ही सर्वाधिक मजदूरी भुगतान भी किया जा रहा है। (MNREGA in Kawardha)

जिले के अव्वल आने का पैरामीटर 

  • 43 लाख 62 हजार के साथ छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा मानव दिवस रोजगार देने वाला जिला है।
  • औसतन 89 हजार 180 पंजीकृत श्रमिकों को रोजाना काम मिल रहा है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है।
  • 22 लाख 11 हजार मानव दिवस का रोजगार महिलाओं को, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है।
  • 2 हजार 531 दिव्यांगजनों को रोजगार दिया जा रहा है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।
  • 12 लाख 3 हजार 597 पंजीकृत परिवारों को रोजगार मिल रहा है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।
  • 70 करोड़ 37 लाख रुपए से ज्यादा का मजदूरी भुगतान किया जा चुका है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। 
  • 1 हजार 276 परिवारों को 100 दिन का रोजगार दिया गया, जो प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।

कबीरधाम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 12 लाख 3 हजार 597 पंजीकृत परिवारों को रोजगार प्रदान किया गया है, जिन्हें 70 करोड़ 37 लाख 28 हजार रुपए का मजदूरी भुगतान उनके बैंक खाते में सीधे प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही 22 लाख 11 हजार मानव दिवस का रोजगार जिले की महिलाओं को मिला है, जो प्रदेश में पहले नंबर पर है। रोजगार में महिलाओं की भागीदारी 50.68 प्रतिशत है।  (MNREGA in Kawardha)

Back to top button
error: Content is protected !!