छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान से गिरे पेड़, अलग-अलग जिलों में 3 लोगों की मौत

Death Due to Rain: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान से कई पेड़ गिर गए, जिसकी चपेट में आने से अलग-अलग जिलों में 3 लोगों की मौत हो गई है। दरअसल, सूरजपुर और रायगढ़ में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। इस दौरान पेड़ गिरने से सूरजपुर में एक महिला की मौत हो गई। वहीं रायगढ़ में बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा क्षेत्र के बरकसपाली गांव के रहने वाले हरिनारायण राठिया (उम्र 32) और टेकलाल यादव (उम्र 35) बाइक से गांव लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें:- रायपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में लू का अलर्ट, कई जिलों में हो सकती है बारिश
दोनों रेंगालबहारी वार्ड नंबर 14 अटल आवास के पास टूटे हुए तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज आंधी के चलते कई पेड़ गिर गए, जिसकी चपेट में आकर 33 केवी का हाईटेंशन तार भी टूटकर सड़क पर गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर और सरगुजा संभाग के जिलों पर हीट वेव चल सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 17 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी। आज रायपुर में अंधड़ चलने के साथ बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बस्तर संभाग के सभी जिलों समेत दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, पेंड्रा, बिलासपुर रायगढ़, कबीरधाम, राजनांदगांव, रायपुर और मुंगेली जिले में हल्की बारिश हो सकती है। (Death Due to Rain)
जानिए किस जिले में रहा कितना तापमान ?
14 जून को सबसे ज्यादा 42.6 डिग्री तापमान बलरामपुर में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम 22.7 डिग्री तापमान नारायणपुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई जिलों में 14 जून को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा था। जबकि अंबिकापुर में दिन का तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जो 6.6 डिग्री ज्यादा था। जगदलपुर में 36.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा था। बिलासपुर में दिन का तापमान 37.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। बता दें कि छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के रास्ते मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन ये अभी मध्य छत्तीसगढ़ में पूरी तरह नहीं पहुंचा है। (Death Due to Rain)



