Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में लू का अलर्ट, कई जिलों में हो सकती है बारिश

Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ के लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर और सरगुजा संभाग के जिलों पर हीट वेव चल सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 17 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी। आज रायपुर में अंधड़ चलने के साथ बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बस्तर संभाग के सभी जिलों समेत दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, पेंड्रा, बिलासपुर रायगढ़, कबीरधाम, राजनांदगांव, रायपुर और मुंगेली जिले में हल्की बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें:- NEET को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने केंद्र सरकार को घेरा, पढ़ें पूरी खबर

14 जून को सबसे ज्यादा 42.6 डिग्री तापमान बलरामपुर में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम 22.7 डिग्री तापमान नारायणपुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई जिलों में 14 जून को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा था। जबकि अंबिकापुर में दिन का तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जो 6.6 डिग्री ज्यादा था। जगदलपुर में 36.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा था।

बिलासपुर में दिन का तापमान 37.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। बता दें कि छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के रास्ते मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन ये अभी मध्य छत्तीसगढ़ में पूरी तरह नहीं पहुंचा है। एक से दो दिनों में मानसून पूरे राज्य में फैलने के आसार हैं। इसके लिए परिस्थितियां भी अनुकूल है। हालांकि पिछले दो दिनों से रायपुर और बिलासपुर के अलावा मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ज्यादातर इलाकों में ज्यादा गर्मी पड़ रही है, जिससे लोग परेशान है। (Chhattisgarh Weather Alert)

उमस भरी गर्मी से लोग परेशान

रायपुर मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 8 जून को सुकमा पहुंचा था, जो 4 दिन वहीं अटका रहा। इस दौरान मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहीं। इसके बाद भी पड़ोसी राज्यों के आसपास बने सिस्टम के कारण जून में अच्छी बारिश हो गई है। राज्य के 9 जिलों में औसत से ज्यादा और तीन जिलों में सामान्य बारिश हो चुकी है। हालांकि बाकी 21 जिलों में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। कम बारिश की भरपाई अगले 10 दिनों में होने की संभावना है। बता दें कि बारिश नहीं होने से उमस बढ़ रही है, जिससे लोगों को दिन के साथ ही रात को भी परेशान होना पड़ रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!