वक्फ संशोधन बिल दोनों सदनों में पास, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया ऐतिहासिक क्षण

Modi on Waqf Bill: वक्फ संशोधन बिल दोनों सदनों में पास हो गया है, जो अब राष्ट्रपति के पास जाएगा और उनकी स्वीकृति मिलने के बाद यह कानून बन जाएगा। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों से वक्फ (संशोधन) विधेयक और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक का पारित होना देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह सामाजिक-आर्थिक न्याय, पारदर्शिता और समावेशी विकास की हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को सामने लाता है। यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा, जो लंबे समय से हाशिये पर रहे हैं, जिनकी आवाज अनसुनी रही और जिन्हें अवसरों से वंचित रहना पड़ा है।
यह भी पढ़ें:- सुबह 4 बजे तक संसद में हुई मणिपुर पर चर्चा: राष्ट्रपति शासन को मिली मंजूरी
PM मोदी ने आगे कहा कि उन सभी सांसदों का हृदय से आभार, जिन्होंने संसद और कमेटी की चर्चाओं में हिस्सा लिया और अपने विचार रखे। इन चर्चाओं ने विधेयक को और सशक्त बनाने का काम किया है। इस अवसर पर संसदीय समिति को अपना बहुमूल्य सुझाव भेजने वाले अनगिनत लोगों का भी मैं विशेष रूप से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। इससे एक बार फिर यह पता चलता है कि व्यापक बहस और संवाद कितना महत्वपूर्ण होता है। दशकों से वक्फ व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी नजर आ रही थी। इससे मुख्य रूप से हमारी मुस्लिम माताओं-बहनों, गरीब और पसमांदा मुसलमान भाई-बहनों के हितों को बहुत नुकसान हो रहा था। (Modi on Waqf Bill)
संवेदनशील भारत के निर्माण में काफी महत्वपूर्ण: PM
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब संसद द्वारा पारित विधेयक पारदर्शिता को बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के अधिकारों की रक्षा में भी मददगार बनेगा। इसके साथ ही हम एक ऐसे युग में प्रवेश करेंगे, जो आज के समय के अनुरूप होने के साथ ही सामाजिक न्याय को लेकर प्रतिबद्ध होगा। देश के हर नागरिक की गरिमा को प्राथमिकता मिले, इसके लिए हम संकल्पबद्ध हैं। यह मार्ग ज्यादा सशक्त, समावेशी और संवेदनशील भारत के निर्माण में काफी महत्वपूर्ण होने वाला है। बता दें कि राज्यसभा में बिल के पक्ष में 128 और विरोध में 95 वोट पड़े। इससे पहले 2 अप्रैल को लोकसभा में यह बिल 12 घंटे की चर्चा के बाद पास हुआ था। (Modi on Waqf Bill)



