केरल में पूर्वानुमान से एक दिन पहले पहुंचा मानसून, मौसम विभाग ने 31 मई तक जताई थी संभावना

Monsoon Reached Kerala: देश के अलग-अलग राज्यों में भीषण गर्मी और लू से लोगों का हाल-बेहाल है। इस बीच मानसून 30 मई को समय से पहले केरल पहुंच गया है। इस बार मानसून पूर्वानुमान से एक दिन पहले आया है। मौसम विभाग ने 31 मई तक मानसून के केरल पहुंचने की संभावना जताई थी। मानसून के जल्दी आने का कारण रेमल तूफान को बताया जा रहा है, जो 26 मई को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में आया था। केरल के साथ ही मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड और असम में भी मानसून की एंट्री हो गई।
यह भी पढ़ें:- भारत में भीषण गर्मी से खत्म हो रही जिंदगियां, हीटवेव के चलते 79 लोगों की मौत
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में 11 जून 2024 तक मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। वहीं दिल्ली में मानसून 27 जून तक आने की संभावना है। इससे पहले 30 मई 2017 को साइक्लोन मोरा के चलते मानसून समय से पहले आया था। हालांकि 2023 में मानसून की एंट्री 7 दिन की देरी के बाद 8 जून को हुई थी। मौसम विभाग का कहना है कि मानसूनी हवाएं तेजी से पूर्वोत्तर की ओर बढ़ रही है, जिससे पूरे देश में तामपान कम होगा। 8 जून तक मानसून दक्षिणी भारत और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद मध्यप्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार और राजस्थान की ओर बढ़ेगा। (Monsoon Reached Kerala)
इन राज्यों में हो सकती है ज्यादा बारिश
भारत मौसम विभाग के मुताबिक देश में इस साल मानसूनी बारिश सामान्य से थोड़ी ज्यादा रह सकती है। बता दें कि देश में 1 जून से 3 सितंबर तक करीब 3 महीने मानसून का सीजन रहता है। इस समय सामान्य बारिश 721 मिमी होती है। पिछले साल देश में 639 मिमी बारिश हुई थी, जो सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम थी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस साल सामान्य से ज्यादा बारिश रहने की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश , उत्तराखंड , पंजाब और हरियाणा और राजस्थान में भी सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। हालांकि बिहार, झारखंड, ओडिशा में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। (Monsoon Reached Kerala)




