छत्तीसगढ़ में बारिश का रौद्र रूप, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, गांव जलमग्न, फसलें तबाह

Monsoon Turns Into Disaster: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, गांव जलमग्न हो गए हैं, फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और प्रशासन को बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं, जबकि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक अमले को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के निसदा गांव में महानदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने पर 12 घरों को एहतियातन खाली कराया गया। एक मकान में फंसे परिवार को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें:- मिडिल ईस्ट संकट को लेकर PM मोदी ने कही हाई लेवल मीटिंग, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी की मुलाकात
बाढ़ का पानी उतरने के बाद तबाही की तस्वीर सामने आई है। करीब 300 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है। कई खेतों में धान की फसल पूरी तरह खराब हो गई है, जबकि कहीं जलकुंभी और बाढ़ का मलबा भर गया है। किसान भारी नुकसान से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शुरुआती दौर में प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने गांव नहीं पहुंची। आरंग के तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे ने बताया कि जिन खेतों में अभी भी पानी भरा है, वहां पानी उतरने के बाद सर्वे कराया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के रेड- येलो अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों की लगातार निगरानी, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व समेत अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत-बचाव कार्य तेज करने को कहा गया है।
उफान पर खारुन नदी, प्रशासन की अपील
लगातार बारिश के चलते राजधानी रायपुर की जीवनदायिनी खारुन नदी भी उफान पर है। कई जगहों पर नदी का पानी पुलों के करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी और निचले इलाकों के आसपास अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की अपील की है। गरियाबंद जिले में भारी बारिश के चलते उदंती नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल भरभराकर गिर गया। करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह पुल छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बनने वाला था। पुल अमलीगांव सहित ओडिशा के चार गांवों को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। बीजापुर जिले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचकर रात 11 बजे तक 16.780 मीटर दर्ज किया गया। चंद्रगिरी समेत दर्जनों गांव चारों ओर से पानी से घिर गए हैं। (Monsoon Turns Into Disaster)
गर्भवती, प्रसूता, नवजात का रेस्क्यू
तिमेड़ पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद है, जिससे तेलंगाना और महाराष्ट्र से संपर्क भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने देर रात तक राहत और बचाव अभियान चलाकर करीब 170 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला। चंद्रगिरी गांव के 35 से 40 परिवारों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया। एसडीएम खुद मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी करते रहे। उसूर ब्लॉक के डल्ला गांव में तालपेरु नदी उफान पर होने के बावजूद राहत दल ने गर्भवती महिला को सुरक्षित बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया। बांडागुड़ा गांव से प्रसूता और नवजात को भी सुरक्षित अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान लंकापल्ली झरने में फंसे सात पर्यटकों को एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया। भोपालपटनम क्षेत्र के राहत शिविरों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और भोजन, कपड़े समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। (Monsoon Turns Into Disaster)
एक प्रसूता और दो गर्भवतियों को पहुंचाया अस्पताल
बीजापुर जिले के नारासपुर में लगातार बारिश के बीच उफान पर आई तालपेरू नदी को पार कर एक प्रसूता और दो गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासागुड़ा पहुंचाया। रेस्क्यू अभियान में तहसीलदार, पटवारी इंद्र कुमार झाड़ी, विनीत कुमार, डॉक्टर शिवा गौरी गट्टा, चिकित्सा टीम, नगर सैनिक और बासागुड़ा पुलिस की टीम शामिल रही। समय रहते महिलाओं को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने से संभावित खतरे को टाल दिया गया। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
अबूझमाड़ में बाढ़ से घिरा बीएसएफ कैंप
नारायणपुर के अबूझमाड़ के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहे बालेबेडा स्थित बीएसएफ कैंप लगातार बारिश के बाद आई बाढ़ से पूरी तरह पानी में घिर गया है। कैंप के चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है, जिससे जवानों को अपनी जान बचाने के लिए बैरकों की छत और पेड़ों का सहारा लेना पड़ा। बताया जा रहा है कि बालेबेडा बीएसएफ कैंप तक पहुंचने वाले सभी रास्ते बारिश के कारण बाधित हो गए हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी कठिनाई आ रही है। कैंप का एक वीडियो सामने आया है, जिसे बीएसएफ के एक जवान ने बनाया है। वीडियो में कैंप चारों तरफ से पानी से घिरा दिखाई दे रहा है और स्थिति बेहद गंभीर नजर आ रही है। बालेबेडा कैंप अबूझमाड़ के नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थापित किया गया था। मौजूदा हालात को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि अगर आपात स्थिति बनती है तो जवानों की सुरक्षा और राहत कार्य के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उफनते एनीकट में बहने से मछुआरे की मौत
धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में बारिश के बीच दो अलग-अलग घटनाओं में एक मछुआरे की मौत हो गई, जबकि दूसरा अब भी लापता है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। जानकारी के मुताबिक घोटगांव का मछुआरा धनंजय तेता रोज की तरह सेमरा एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से वो तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे चले तलाश अभियान के बाद धनंजय तेता का शव बरामद कर लिया गया। वहीं फरसिया कमारपारा निवासी मछुआरे दुलाल सोरी पिछले तीन दिनों से लापता हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन आसपास के नदी-नालों और संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। लगातार हो रही बारिश से धमतरी जिले की नदियां, नाले और एनीकट उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते जलस्रोतों के पास जाने और उन्हें पार करने से बचें, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पखांजूर में घरों में घुसा पानी
पखांजूर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पीवी-85 गांव में नदी उफान पर आने से करीब 20 घरों में पानी घुस गया। लोगों का राशन, घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री बर्बाद हो गई है। बस्तर जिले में इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। दूसरी ओर नारंगी नदी में कुछ युवक बहती लकड़ियां पकड़ने के लिए तेज बहाव में उतरते दिखाई दिए। मुंडागांव के पास पुल के बेहद करीब बह रही नदी के बावजूद लोगों की लापरवाही प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। प्रदेश में जलभराव की स्थिति पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि तेज बारिश के दौरान शहरों में जलभराव होना स्वाभाविक है, क्योंकि पुराने नालों की क्षमता सीमित है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। रायपुर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने 220 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दी है। सभी नगरीय निकायों के विकास के लिए भी लगातार राशि स्वीकृत की जा रही है और सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे
कबीरधाम जिले के पंडरीखार गांव में बच्चे रोज उफनती नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। गांव में प्राइमरी स्कूल नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे गांव जाना पड़ता है। नदी पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीण सालों से पुल और प्राथमिक विद्यालय की मांग कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के दर्रापारा में बावली में नहाने गए तीन बच्चों में से दो डूब गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां सात साल के साहिल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कोंडागांव के कोपाबेड़ा जलाशय क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले में डूबने से 6 साल की चांदनी की मौत के बाद कलेक्टर नूपुर राशि ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिलासपुर में सड़क हादसा
लगातार बारिश के कारण जिले के कई पुलों और नालों के ऊपर से पानी बह रहा है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नालों और पुलों को पार नहीं करने की अपील की है। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र स्थित कानन पेंडारी के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे रेलिंग से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि रेलिंग का लोहे का नुकीला सरिया दो युवकों के पेट में घुस गया। एक युवक के शरीर से सरिया बाहर निकल गया जबकि दूसरे के पेट में सरिया फंसा रहा। डायल-112 की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि एक अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बारिश फिलहाल थमने के आसार नहीं हैं और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन अलर्ट मोड पर है, राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। सरकार ने नुकसान का सर्वे कर प्रभावितों को मुआवजा देने का भरोसा दिया है, लेकिन फिलहाल बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित जीवन और सामान्य हालात की बहाली है।



