मां की ममता पर शक की कुल्हाड़ी, एक बेटे ने अंधविश्वास में छिनी जिंदगी

Murder in Bilaspur: बिलासपुर जिले के सरवानी गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। आरोपी ने इस भयावह कृत्य के पीछे बैगा की बातों को कारण बताया, जिसने उसे विश्वास दिलाया था कि उसकी मां ही उसके बच्चों पर जादू-टोना कर रही है।जानकारी के मुताबिक 38 साल का विष्णु केंवट अपने परिवार यानी पत्नी और बच्चों के साथ सरवानी गांव में रहता था। बीते कुछ समय से उसके दोनों बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था। इलाज के बजाय वह वैद्य और बैगाओं के चक्कर लगाने लगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में निवेश और ऑनलाइन जॉब के नाम पर करोड़ों की ठगी, सावधान रहें, सतर्क रहें
इसी दौरान एक बैगा ने उसे यह कहकर और डराया कि उसके बच्चों पर जादू-टोना हुआ है और यह किसी अपने ने ही किया गया है। विष्णु जब बार-बार पूछता रहा तो बैगा ने उसकी मां मंटोरा बाई केंवट पर आरोप लगाया। बैगा की बातों में आकर विष्णु ने अपनी ही मां पर शक करना शुरू कर दिया। इस बीच शुक्रवार रात को वह कुल्हाड़ी लेकर मां की झोपड़ी में पहुंचा और उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया। मां ने इन आरोपों को सिरे से नकारा, लेकिन गुस्से से बेकाबू विष्णु ने ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। (Murder in Bilaspur)
बेटे ने थाने में किया सरेंडर
हत्या के तुरंत बाद विष्णु खुद चकरभाठा थाना पहुंचा और अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जागरूकता की कमी किस हद तक लोगों को अंधविश्वास के दलदल में धकेल सकती है। बैगा जैसे ढोंगी तंत्र-मंत्र के झांसे में आकर एक बेटे ने वह रेखा पार कर दी, जिसे कोई भी सभ्य समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता। प्रशासन और समाजसेवी संगठनों से अपेक्षा है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास के खिलाफ सघन जागरूकता अभियान चलाए जाएं।



