सक्ती में युवक की चाकू मारकर हत्या, बिलासपुर में मानसिक रूप से बीमार शख्स ने ली जान

Murder in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में क्राइम का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र का है, जहां गिरगिरा गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 साल के हरिहर साहू के रूप में हुई है, जो कपड़ा दुकान में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। युवक का शव दुकान मालिक के घर पर मिला है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में ले ली है और पीएम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:- अक्टूबर में बैंककर्मियों की बल्ले-बल्ले, इस महीने 21 दिन नहीं होगा काम
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दुकानदार का परिवार दूसरे घर में जन्मदिन की तैयारी में व्यस्त था, जिससे दुकान और कमरा खाली था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक हरिहर साहू घटना के समय घर में अकेला था। फिलहाल चंद्रपुर पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर आमजन कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं। (Murder in Chhattisgarh)
बिलासपुर में धारदार हथियार से हत्या
वहीं बिलासपुर के मोपका चौकी क्षेत्र में 35 साल के दिनेश कुमार सूर्यवंशी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक मोहल्ले के दुर्गा पंडाल के पीछे बैठे हुए थे, जब उन पर हमला किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर कमलेश सूर्यवंशी (25) मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसने अचानक दिनेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दिनेश को परिजन तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन सरकंडा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को मोपका क्षेत्र से हिरासत में ले लिया है। (Murder in Chhattisgarh)



