रतनपुर के महामाया मंदिर में चाकूबाजी, युवक की अंतड़ी आई बाहर, जगदलपुर में 51 चाकू जब्त

Stabbing at Mahamaya Temple: छत्तीसगढ़ में अपराध की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है। इस बीच बिलासपुर की धार्मिक नगरी रतनपुर में स्थित महामाया देवी मंदिर परिसर उस समय दहशत के माहौल में बदल गया, जब युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। झगड़े ने इस कदर तूल पकड़ लिया कि दो युवकों ने ठेका कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस चाकूबाजी की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से एक युवक की हालत बहुत गंभीर बताई जा रही है, जिसकी चाकू लगने से आंत बाहर आ गई।
यह भी पढ़ें:- सक्ती में युवक की चाकू मारकर हत्या, बिलासपुर में मानसिक रूप से बीमार शख्स ने ली जान
वहीं कुछ लोगों ने कहा कि बदमाशों ने दोनों ठेका कर्मचारियों पर चाकू से जानलेवा हमला किया है। दरअसल, कर्मचारियों ने युवकों को बिजली के तार पर बैठने से मना किया, तब बदमाश विवाद करते हुए चाकू मार दिए। ज्योति कलश कक्ष के पास लखराम के रहने वाले नवीन गुप्ता ठेकेदार बबलू कश्यप के कहने पर अपने साथी के साथ छत पर बिजली का काम कर रहा था।उसी समय दो युवक छत पर आकर बैठ गए। मंदिर की सजावट के लिए लगाए गए बिजली तार जगह-जगह फैला था। कर्मचारियों ने करंट लगने की आशंका पर युवकों को नीचे उतरने कहा। इसी बात पर नवीन और उसके साथी के साथ युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट हो गई।
बदमाशों ने कर्मचारियो पर चलाया चाकू
विवाद बढ़ने के बाद बदमाशों ने चाकू निकाल लिया, जिसके बाद नवीन के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसकी अंतड़ी बाहर आ गई। खून से लथपथ नवीन को देखकर उसका साथी बीच-बचाव करने पहुंचा। तब बदमाशों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। दोनों की आवाज सुनकर दूसरे कर्मचारी भी ऊपर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग गए।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
मंदिर परिसर जैसे पवित्र स्थल पर हुई इस घटना से वहां मौजूद श्रद्धालु और आमजन स्तब्ध रह गए और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल इस झगड़े के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। (Stabbing at Mahamaya Temple)
ऑनलाइन मंगाए गए चाकू जब्त
वहीं दूसरी तरफ बस्तर पुलिस ने चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ऑनलाइन माध्यम से मंगाए गए हथियारों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। ई-कॉमर्स साइट्स जैसे अमेजन, फ्लिपकार्ट और अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए धारदार और घातक चाकुओं की हो रही खरीददारी को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए कुल 51 चाकू और 8 पिस्टल लाइटर जब्त किए हैं। इन हथियारों को अलग-अलग लोगों ने ऑनलाइन मंगाया था। पुलिस ने सभी ऑर्डर की जांच कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान की और हथियारों की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। (Stabbing at Mahamaya Temple)

एडिशनल एसपी माहेश्वर नाग ने कहा कि बस्तर पुलिस चाकूबाजी की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऑनलाइन माध्यम से चाकू मंगाने वालों को न केवल नोटिस दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें समझाइश भी दी जा रही है कि इस तरह के हथियार समाज में अपराध को बढ़ावा देते हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वह धारदार या घातक हथियारों को ऑनलाइन ऑर्डर करने से बचें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। धार्मिक स्थलों पर इस तरह की हिंसक घटनाएं समाज को कलंकित करती हैं। साथ ही कानून व्यवस्था के लिए भी खतरा पैदा करती है। (Stabbing at Mahamaya Temple)



