डेडलाइन के आखिरी दिन नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार, बड़े पैमाने पर सरेंडर, हथियार बरामद और अबूझमाड़ नक्सलमुक्त घोषित

Naxal Surrender in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लिए तय डेडलाइन के आखिरी दिन राज्यभर में सुरक्षाबलों को कई बड़ी सफलताएं मिली। आत्मसमर्पण, हथियारों की बरामदगी और दुर्गम क्षेत्रों के नक्सलमुक्त होने के साथ मिशन 2026 निर्णायक मुकाम पर पहुंचता नजर आया। बीजापुर में पूना मारगेम-पुनर्वास से पुनर्जीवन पहल के तहत दण्डकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 12 महिला समेत 25 नक्सली कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की। इन सभी पर कुल 1.47 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में CyPC, DVCM, ACM जैसे वरिष्ठ स्तर के कैडर भी शामिल हैं, जिन्होंने संगठन की औचित्यहीनता स्वीकार करते हुए सामान्य जीवन अपनाने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें:- बेलटिकरी से पेंड्रावन तक छापेमारी, अवैध उत्खनन करते 13 ट्रैक्टर और एक हाइवा जब्त

इस दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सली इतिहास की सबसे बड़ी बरामदगी करते हुए 14.06 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की, जिसमें 2.90 करोड़ रुपए नकद, 11.16 करोड़ रुपए कीमत का 7.20 किग्रा सोना और LMG, AK-47, SLR, INSAS समेत कुल 93 घातक हथियार बरामद किए। बीजापुर में 1 जनवरी 2024 से 31 मार्च 2026 तक 1003 नक्सली कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है। अब तक कुल 19.43 करोड़ रुपये की बरामदगी हो चुकी है। (Naxal Surrender in Chhattisgarh)

डेडलाइन के अंतिम दिन दंतेवाड़ा जिले में भी पूना मारगेम अभियान के तहत 4 महिला समेत 5 नक्सली कैडरों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल 9 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के बाद मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने अलग-अलग ठिकानों से INSAS, SLR, कार्बाइन, BGL सहित 40 घातक हथियार बरामद किए। दंतेवाड़ा में 2024 से अब तक 607 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं 92 गिरफ्तार और 54 मुठभेड़ में ढेर हुए हैं। सुकमा जिले में भी 2 महिला नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिसमें से एक पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

सुरक्षाबलों ने 6 ऑटोमेटिक हथियार और 10 लाख रुपए नकद बरामद किए। अधिकारियों के मुताबिक यह क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्ति के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। कांकेर जिले में दो हार्डकोर नक्सलियों हिड़मा और शंकर ने AK-47 के साथ आत्मसमर्पण किया। दोनों पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के बाद उन्होंने बचे नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की। हालांकि जिले में अब भी करीब 15 सक्रिय नक्सली मौजूद हैं।

अबूझमाड़ नक्सलमुक्त घोषित
नारायणपुर जिले का दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र, जो दशकों तक नक्सलियों का गढ़ रहा, डेडलाइन के दिन आधिकारिक रूप से नक्सलमुक्त घोषित कर दिया गया। लगातार दो सालों तक चले संयुक्त अभियानों में आईटीबीपी, बीएसएफ और राज्य पुलिस के समन्वय के बाद यह सफलता मिली। कई शीर्ष नक्सली नेता मारे गए। सैकड़ों ने आत्मसमर्पण किया और अंतिम सक्रिय नक्सली ने भी समर्पण कर दिया। यह उपलब्धि सुरक्षाबलों के साहस और रणनीति का बड़ा प्रतीक मानी जा रही है। (Naxal Surrender in Chhattisgarh)


केंद्र सरकार की ओर से तय 31 मार्च 2026 की डेडलाइन पर छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक बढ़त मिली है, जिसमें बड़े पैमाने पर आत्मसमर्पण, भारी मात्रा में हथियार और संपत्ति बरामद और कई क्षेत्रों का नक्सलमुक्त होना शामिल हैं। हालांकि कुछ इलाकों में अब भी सीमित संख्या में नक्सलियों की सक्रियता बनी हुई है, जो भविष्य की चुनौती है। डेडलाइन के अंतिम दिन मिली ये सफलताएं संकेत देती हैं कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है। पूना मारगेम जैसी पुनर्वास योजनाएं न सिर्फ आत्मसमर्पण को बढ़ावा दे रही हैं, बल्कि क्षेत्र में स्थायी शांति, विकास और विश्वास की नई नींव भी रख रही हैं। अब बस्तर संभाग तेजी से उस दौर की ओर बढ़ रहा है, जहां बंदूक की जगह विकास और विश्वास की आवाज सुनाई दे रही है।




