नक्सलियों के बिछाए IED की वजह से कई लोगों को गंवाने पड़े पैर, कृत्रिम पैर का मिला संबल

Naxal Victims of Bastar: बस्तर में वनोपज संग्रहण या खेती कार्य जैसे अपनी दैनिक जीवनचर्या के बीच जंगलों के रास्ते गुजरते समय नक्सलियों के लगाए गए IED बमों में ब्लास्ट की अलग-अलग घटनाओं में कई ग्रामीणों ने अपने पैर गंवा दिए। दर्दभरी जिंदगी जी रहे बस्तर के ग्रामीणों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और डिप्टी CM विजय शर्मा की पहल पर कृत्रिम पैर का संबल मिल रहा है। पहले चरण में नक्सल हिंसा प्रभावित ऐसे 6 लोगों को फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर समाज कल्याण परिसर माना कैंप रायपुर में कृत्रिम पैर लगाकर चलने की ट्रेनिंग दी गई। IED ब्लास्ट में पैर खोने के बाद से चलने फिरने के लिए दूसरों पर निर्भर हो गए ये लोग अब कृत्रिम पैर पाकर इतने उत्साहित हैं। वे खुद अपने पैरों से चलकर डिप्टी CM विजय शर्मा के निवास अपनी खुशी व्यक्त करने पहुंचे।
यह भी पढ़ें:- राज्यपाल डेका ने की मां दुर्गा की पूजा, केंद्रीय राज्य मंत्री, डिप्टी CM ने 125 कन्याओं को कराया भोज
बता दें कि बस्तर क्षेत्र के लगभग 70 नक्सल पीड़ितों ने बस्तर शांति समिति की पहल पर सितंबर महीने में दिल्ली जाकर जंतर मंतर में प्रदर्शन किया था। साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें आप बीती बताते हुए बस्तर में शांति की गुहार लगाई थी। वहीं दिल्ली से लौटकर वे आए तो डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने निवास कार्यालय में एक-एक पीड़ितों से बात कर उनका हालचाल जाना था और उनका हौसला बढ़ाया था। इस दौरान IED ब्लास्ट में पैर गंवा चुके पीड़ितों के कृत्रिम पैर लगवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। (Naxal Victims of Bastar)

डिप्टी CM शर्मा के निर्देशानुसार IED ब्लास्ट में अपने पैर खोने वाले ग्रामीणों की समाज कल्याण विभाग के सहयोग से मदद की गई। नक्सल हिंसा पीड़ितों को कृत्रिम पैर लगाने की शुरुआत हो गई है। कृत्रिम पैर लगाने के लिए बस्तर से 9 नक्सल पीड़ित का आना तय हुआ था, लेकिन व्यक्तिगत कारणों से 3 पीड़ित अभी नहीं पहुंच पाए। इस तरह 6 नक्सल पीड़ित गुड्डू लेकाम बीजापुर, अवलम मारा बीजापुर, सुक्की मड़कम सुकमा, सोमली खत्री बीजापुर, खैरकम जोगा बीजापुर, राजाराम बीजापुर को फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर समाज कल्याण परिसर माना कैंप में कृत्रिम पैर लगाए गए। (Naxal Victims of Bastar)

कृत्रिम पैर लगने के बाद इनकी जिंदगी एक नई करवट ले रही है। डिप्टी CM शर्मा के निवास पहुंचे इन नक्सल पीड़ितों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अच्छा महसूस कर रहे हैं। कदम-कदम पर किसी और के सहारे की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिंदगी में अब आगे बढ़ने और कुछ हासिल करने की सोच सकते हैं। हालांकि नक्सलियों ने जो छीना है उसकी भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता से उन्हें कृत्रिम पैर सुलभ होने के साथ जीवन में नया उत्साह आया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया। (Naxal Victims of Bastar)




