Google Analytics —— Meta Pixel

डेडलाइन से पहले सिमटा नक्सलवाद, देश के 6 जिलों में बचा प्रभाव, तेलंगाना में टॉप कमांडर की तलाश तेज

Naxalite Affected Districts List: सशस्त्र नक्सलवाद को समाप्त करने की तय समय-सीमा से पहले केंद्र सरकार ने नक्सल प्रभावित जिलों की नई सूची जारी कर दी है। जारी सूची के मुताबिक अब देश में सिर्फ 6 जिले ही नक्सल प्रभावित बचे हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के 4 जिले शामिल हैं, जबकि अन्य राज्यों के 2 जिले भी सूची में स्थान पर हैं। छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के साथ गरियाबंद जिले को नक्सल प्रभावित माना गया है। सूची से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि नक्सलवाद अब सीमित भौगोलिक दायरे में सिमट चुका है। हालांकि 6 नक्सल प्रभावित जिलों में से 3 बस्तर संभाग के होने के कारण सुरक्षाबलों के लिए यह क्षेत्र अब भी सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

यह भी पढ़ें:- इकलौते बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाए दंपति, पेड़ से लटके मिले पति-पत्नी के शव

IG सुंदरराज पी ने बताया कि फोर्स बस्तर संभाग के सातों जिलों में लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन चला रही है। केंद्र सरकार की ओर से तय की गई प्राथमिकता सूची के अनुसार अब टॉप प्रायोरिटी जिलों में अभियान और तेज किया जाएगा और तय समय सीमा के भीतर नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य है। बता दें कि सशस्त्र नक्सलवाद को समाप्त करने की डेडलाइन 31 मार्च 2026 तय की गई है। इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए अब महज 43 दिन का समय बचा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नक्सलियों का टॉप कमांड आखिर कहां छिपा हुआ है। बीते तीन महीनों से नक्सलियों की केंद्रीय समिति की ओर से कोई प्रेस नोट जारी नहीं हुआ है। इसे सुरक्षा एजेंसियां इस संकेत के रूप में देख रही हैं कि शीर्ष नेतृत्व अपनी गतिविधियों और लोकेशन को गोपनीय रखना चाहता है।

क्या तेलंगाना बना नया ठिकाना ?

जगदलपुर में आयोजित बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इशारों में कहा था कि नक्सली तेलंगाना के जंगलों में शरण लिए हो सकते हैं। इसके बाद से यह अटकलें तेज हो गई हैं कि बस्तर अब उनके लिए सुरक्षित पनाहगाह नहीं रहा। जानकारों के मुताबिक करीब 150 से 200 नक्सलियों का समूह फिलहाल तेलंगाना के जंगलों में सक्रिय हो सकता है। लगातार चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के कारण बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के लिए सुरक्षित ठिकाने कम होते जा रहे हैं। यही वजह है कि शीर्ष कमांडरों ने रणनीतिक रूप से ठिकाना बदलने का निर्णय लिया हो सकता है। फिलहाल सुरक्षाबलों के निशाने पर नक्सलियों के शीर्ष कमांडर हैं। इनमें गणपति उर्फ मोपल्ला लक्ष्मण राव, देवजी उर्फ थीपरी तिरुपति, मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ सुनीरमल, असीम मंडल उर्फ आकाश और मल्ला राजेरेड्डी उर्फ संग्राम उर्फ सतना जैसे नाम शामिल हैं।

आंकड़े दे रहे ऑपरेशन की सफलता की गवाही

पिछले दो सालों में बस्तर में चलाए गए एंटी नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 2024 में 217 नक्सली मारे गए। 2025 में 256 नक्सली ढेर किए गए। 2026 में अब तक 23 नक्सली मारे जा चुके हैं। सुरक्षाबलों ने पोलित ब्यूरो महासचिव बसवराजू समेत 3 केंद्रीय समिति सदस्यों को बस्तर में मार गिराया है। इसके अलावा ओडिशा के कंधमाल में केंद्रीय समिति सदस्य गणेश उईके मारा गया, जबकि आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा का खात्मा किया गया था। (Naxalite Affected Districts List)

नक्सलियों की उलटी गिनती शुरू

31 मार्च 2026 की डेडलाइन करीब है। जंगलों में सन्नाटा है, प्रेस नोट बंद हैं और शीर्ष नेतृत्व अंडरग्राउंड बताया जा रहा है। सवाल यही है कि क्या सुरक्षा बल तय समय सीमा के भीतर शीर्ष नक्सली नेतृत्व तक पहुंच पाएंगे या फिर तेलंगाना के जंगल उनके लिए आखिरी शरणस्थली साबित होंगे। फिलहाल फोर्स का दावा है कि पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति के बचे हुए सक्रिय सदस्यों को डेडलाइन से पहले पकड़ लिया जाएगा या निष्क्रिय कर दिया जाएगा। अब नजरें समय सीमा पर टिकी हैं, क्योंकि इस लड़ाई में उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। (Naxalite Affected Districts List)

Back to top button
error: Content is protected !!