Google Analytics —— Meta Pixel

इकलौते बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाए दंपति, पेड़ से लटके मिले पति-पत्नी के शव

Couple Committed Suicide: जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, धरदेई गांव में एक दंपति ने अपने ही घर के पास पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास पेड़ पर पति-पत्नी को साड़ी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाया। 

यह भी पढ़ें:- बलरामपुर में पति ने की अपनी 5वीं पत्नी की हत्या, चरित्र शंका में पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, शव को फंदे से लटकाया

पुलिस ने मौके का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक बेटा ही दोनों का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद से ही घर का माहौल पूरी तरह बदल गया था। पड़ोसियों का कहना है कि घटना के बाद दंपति बेहद शांत और गुमसुम रहने लगे थे। वे लोगों से कम बातचीत करते थे और अक्सर उदास दिखाई देते थे। (Couple Committed Suicide)

मानसिक आघात की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे की मौत का गहरा मानसिक आघात दंपति सहन नहीं कर पाए और इसी कारण यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। 

गांव में पसरा मातम

पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच में जुटी है। इस घटना के बाद धरदेई गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार में कुछ दिनों के भीतर तीन मौतों से ग्रामीण स्तब्ध हैं। लोग परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि अचानक मिले बड़े सदमे का मानसिक असर कितना गहरा और घातक हो सकता है। (Couple Committed Suicide)

Back to top button
error: Content is protected !!