Google Analytics —— Meta Pixel

26 बड़े हमलों के मास्टरमाइंड हिड़मा को सुरक्षाबलों ने किया ढेर, पत्नी और चार नक्सलियों का खात्मा

Naxalite Commander Hidma Killed: छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर हुए एक बड़े एनकाउंटर में देश के सबसे खतरनाक नक्सल कमांडरों में शामिल माड़वी हिड़मा मारा गया। यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम जिले के मरेडमिल्ली के घने जंगलों में हुई। हिड़मा के साथ उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और चार अन्य नक्सली भी ढेर कर दिए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों को हिड़मा को 30 नवंबर 2025 तक खत्म करने की डेडलाइन दी थी। इसी लक्ष्य को लेकर आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने मरेडमिल्ली के जंगलों में टारगेटेड ऑपरेशन लॉन्च किया, जिसमें हिड़मा को डेडलाइन से 12 दिन पहले ही मार गिराया गया।

यह भी पढ़ें:- Breaking News : ‘लाल आतंक’ पर आखिरी प्रहार! मोस्ट वांटेड नक्सली हिड़मा ढेर

गृहमंत्री शाह ने ऑपरेशन में शामिल टीम से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी और इसे नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता बताया। 44 साल के माड़वी हिड़मा पिछले 20 सालों में नक्सल हिंसा का सबसे बड़ा चेहरा रहा है। वह पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की एक बटालियन का कमांडर और नक्सली सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। बस्तर क्षेत्र से इस स्तर पर पहुंचने वाला वह इकलौता आदिवासी नेता माना जाता था। हिड़मा कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड था, जिसमें 2010 दंतेवाड़ा हमला शामिल है, जिसमें 76 CRPF जवान शहीद हुए थे। 2013 झीरम घाटी हमले में कांग्रेस नेताओं की हत्या हुई थी। 2021 सुकमा-बीजापुर हमले में कई जवान शहीद हुए थे।

16 नवंबर 2025 को 3 नक्सली हुए थे ढेर

हिड़मा के साथ कई अभियानों में शामिल बसवाराजू को सुरक्षाबल पहले ही एक दूसरे ऑपरेशन में मार चुके हैं। इधर, सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में भी मंगलवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक अलग मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कई नक्सलियों के घायल होने की खबर है। दोनों ही इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। हाल के महीनों में छत्तीसगढ़ में बड़ी नक्सल कार्रवाई देखने को मिली। 16 नवंबर 2025 को सुकमा के भेज्जी-चिंतागुफा की सीमा पर नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर DRG की टीम ने सर्च अभियान चलाया। (Naxalite Commander Hidma Killed)

 रविवार सुबह तुमालपाड़ के जंगल में अचानक नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और रुक-रुककर हुई फायरिंग में तीन नक्सली मारे गए। 11 नवंबर 2025 को बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में हुई मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए थे, जिनमें तीन महिलाएं शामिल थी। इनमें मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज बुच्चन्ना और शीर्ष नक्सली लीडर पापाराव की पत्नी उर्मिला शामिल थी। हालांकि पापाराव इस बार भी भागने में सफल रहा। 19 मई 2025 को कुडमेल-कलहाजा-जाटलूर इलाके में दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर की DRG टीमों ने संयुक्त अभियान में 27 नक्सली मार गिराए थे।

2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य

इसी ऑपरेशन में कुख्यात बसवाराजू भी मारा गया था। इसके बाद से नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों को बड़ी बढ़त मिली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और तेलंगाना की सुरक्षा एजेंसियां साझा रणनीति के तहत लगातार ऑपरेशन चला रही हैं। हिड़मा का मारा जाना नक्सल संगठन के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सल उन्मूलन की दिशा में निर्णायक सफलता बता रही हैं। (Naxalite Commander Hidma Killed)

Back to top button
error: Content is protected !!