Google Analytics —— Meta Pixel

सोनू और रूपेश के आत्मसमर्पण से बौखलाए नक्सली, दोनों को गद्दार बताते हुए सजा देने की दी चेतावनी

Naxalites issued Warning: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सरेंडर करने वाले पोलित ब्यूरो सदस्य सोनू उर्फ वेणुगोपाल और केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश को लेकर नक्सली संगठन ने प्रतिक्रिया दी है। नक्सलियों के केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने एक प्रेस नोट जारी कर सोनू और रूपेश को गद्दार करार देते हुए उनके आत्मसमर्पण को संगठन और जनता के प्रति विश्वासघात बताया है। नक्सल संगठन ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली आत्मसमर्पण को सरकार का षड्यंत्र बताते हुए इसे झूठा और भ्रामक प्रचार बताया है। संगठन का कहना है कि पुलिस और सरकारी एजेंसियां अपने प्रचार माध्यमों के जरिए जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही हैं। 

यह भी पढ़ें:- बलरामपुर में घरेलू विवाद से खौफनाक वारदात, कहीं मानसिक रूप से अस्वस्थ शख्स तो कहीं गुस्साए पति ने की पत्नी की हत्या

केंद्रीय समिति प्रवक्ता अभय के मुताबिक मीडिया में यह प्रचारित किया जा रहा है कि दर्जनों वरिष्ठ नक्सली नेता आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो कि पूरी तरह गलत है। प्रेस नोट में कहा गया है कि सोनू और रूपेश के नेतृत्व में पुलिस की बनाई गई मनगढ़ंत कहानियों के तहत 200 से ज्यादा नक्सलियों के आत्मसमर्पण की खबरें प्रकाशित की गई, जो कि पूरी तरह झूठ हैं। नक्सली संगठन ने इसे सुरक्षाबलों द्वारा अपहरण, उत्पीड़न और दमन की रणनीति का हिस्सा बताया है। केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने कहा कि जो लोग आत्मसमर्पण कर रहे हैं, उन्होंने पार्टी के क्रांतिकारी सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि हम ऐसे गद्दारों को बख्शेंगे नहीं। संगठन के असली सिपाही आज भी संघर्ष के मोर्चे पर डटे हुए हैं। (Naxalites issued Warning)

संगठन ने आत्मसमर्पण करने वालों को पूरी तरह से बहिष्कार कर दिया है और भविष्य में सजा देने की बात भी कही है। संगठन ने दूसरे नक्सलियों को भी आत्मसमर्पण नहीं करने की चेतावनी दी है। नक्सल संगठन ने केंद्र और राज्य सरकारों पर आदिवासी इलाकों में फोर्स की बढ़ोतरी कर भय का माहौल बनाने, प्राकृतिक संसाधनों को कॉर्पोरेट कंपनियों को सौंपने और आदिवासियों को विस्थापित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। संगठन ने 2011 से ऑपरेशन ग्रीन हंट और 2020 के बाद शुरू हुए ऑपरेशन समापन जैसे अभियान को आदिवासियों के अधिकारों का हनन बताया है।

प्रेस नोट में यह भी स्वीकार किया गया कि सुरक्षाबलों की बढ़ी संख्या के कारण कुछ इलाकों में मुश्किलें जरूर आई हैं, लेकिन संगठन अभी भी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सक्रिय है। नक्सलियों के केंद्रीय समिति ने अपने प्रेस नोट में सभी इकाइयों और कैडरों से एकजुट होकर संघर्ष को तेज करने, पूंजीवादी और साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात कही है। सोनू और रूपेश जैसे वरिष्ठ नेताओं के आत्मसमर्पण से नक्सली संगठन को आंतरिक चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि संगठन ने इसे हार नहीं माना है, लेकिन इसके कारण संगठन के भीतर एक गंभीर संकट उत्पन्न हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!