नक्सलियों के निशाने पर शिक्षादूत और ग्रामीण, बीजापुर में एक और शिक्षादूत की हत्या, अब तक 9 की जान गई

Teacher Killed in Bijapur: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले में नक्सली लगातार शिक्षा दूतों और ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला बीजापुर के नेन्द्रा गांव का है, जहां शिक्षादूत कल्लू ताती की हत्या कर दी गई। शुक्रवार शाम को स्कूल से लौटते वक्त नक्सलियों ने उनका अपहरण किया और देर रात धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया। कल्लू तोड़का गांव के रहने वाले थे। बीजापुर में तीन दिन के भीतर यह तीसरी हत्या है। दो दिन पहले बीजापुर-सुकमा सीमा पर पदस्थ शिक्षा दूत लक्ष्मण बाडसे को घर से निकालकर मार डाला था।
यह भी पढ़ें:- मजबूत लोकतंत्र एक बेहतर विश्व के निर्माण में स्वाभाविक साझेदार होते हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
बंद स्कूलों के फिर संचालन और शिक्षादूतों की नियुक्ति के बाद से नक्सलियों ने अब तक 9 शिक्षादूतों की हत्या कर दी है। बीजापुर जिले में 6 शिक्षादूतों की हत्या हो चुकी है। वहीं सुकमा जिले में 3 शिक्षादूत मारे जा चुके हैं। शिक्षा दूतों के साथ-साथ ग्रामीण भी नक्सलियों की हिंसा का शिकार हो रहे हैं। बीजापुर के मनकेली पटेलपारा में 27 साल के ग्रामीण सुरेश कोरसा को नक्सलियों ने अपहरण के बाद धारदार हथियार से मार डाला था। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों ने इन हत्याओं को मुखबिरी के शक में अंजाम दिया है। इस साल अब तक 10 से ज्यादा ग्रामीणों की हत्या दर्ज की जा चुकी है। (Teacher Killed in Bijapur)
2025 में अब तक मारे गए 9 शिक्षादूत
नक्सलियों ने इस साल यानी जनवरी से अगस्त 2025 तक 9 शिक्षादूतों की हत्या की है। सभी पर मुखबिरी का आरोप लगाया गया था।
बीजापुर में हत्या
- विनोद मड़े
- सुरेश मेट्टा
- अशोक मुचाकी
- बामन राम कश्यप
- कुंजाम भीमा
- लल्लू ताती
सुकमा में हत्या
- जुर्न डोडी
- कवासी सुक्का
- लक्ष्मण बाड़से
नक्सलियों ने बंद स्कूलों को दोबारा खोले जाने के बाद से शिक्षादूतों को सबसे ज्यादा निशाना बनाया है। इन घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीणों की सुरक्षा दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही हत्याओं से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी घटनाओं की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। शिक्षादूतों और ग्रामीणों की सुरक्षा प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। साल 2025 में सिर्फ 8 महीने के भीतर नक्सलियों ने बीजापुर और सुकमा जिलों में 9 शिक्षादूत और 10 से ज्यादा ग्रामीणों की हत्या की है। बढ़ती वारदातों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बस्तर में नक्सल समस्या अभी भी गंभीर है और सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। (Teacher Killed in Bijapur)



