मजबूत लोकतंत्र एक बेहतर विश्व के निर्माण में स्वाभाविक साझेदार होते हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Prime Minister Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी सिर्फ दोनों देशों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की शांति और स्थिरता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। PM मोदी ने कहा कि हमारी चर्चा उत्पादक और उद्देश्यपूर्ण रही। दोनों देश इस बात पर सहमत हैं कि एक बेहतर विश्व के निर्माण में मजबूत लोकतंत्र स्वाभाविक साझेदार होते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान की स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप में एक नए और सुनहरे अध्याय की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने अगले दशक के लिए एक व्यापक रोडमैप तैयार किया है, जिसके केंद्र में निवेश, नवाचार, आर्थिक सुरक्षा, पर्यावरण, तकनीक, स्वास्थ्य, मोबिलिटी, लोगों से लोगों का जुड़ाव और राज्यों व प्रांतों के बीच साझेदारी होगी।
यह भी पढ़ें:- जापान की उन्नत तकनीक और भारत की उत्कृष्ट प्रतिभा एक-दूसरे की पूरक हैं: प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा
PM मोदी ने कहा कि अगले दस सालों में जापान से भारत में 10 ट्रिलियन येन निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के तहत सस्टेनेबल फ्यूल्स इनिशिएटिव और बैटरी सप्लाई चेन पार्टनरशिप शुरू की जाएगी। इसके साथ ही इकोनॉमिक सिक्योरिटी कोऑपरेशन इनिशिएटिव भी लॉन्च किया जाएगा, जिसके तहत महत्वपूर्ण और रणनीतिक क्षेत्रों में व्यापक सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उच्च तकनीक के क्षेत्र में सहयोग दोनों देशों की प्राथमिकता है। इसके तहत डिजिटल पार्टनरशिप 2.0 और एआई कोऑपरेशन इनिशिएटिव की शुरुआत की जाएगी। साथ ही सेमीकंडक्टर्स और रेयर अर्थ मिनरल्स जैसे अहम मुद्दे भी दोनों देशों के एजेंडे में सबसे ऊपर रहेंगे। PM मोदी ने कहा कि जापानी तकनीक और भारतीय टैलेंट, एक विजयी संयोजन है। (Prime Minister Narendra Modi)
नेक्स्ट जेनरेशन मोबिलिटी पार्टनरशिप
उन्होंने यह भी जोड़ा कि जहां दोनों देश हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। वहीं नेक्स्ट जेनरेशन मोबिलिटी पार्टनरशिप के तहत पोर्ट्स, एविएशन और शिपबिल्डिंग जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से प्रगति होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान एक फ्री, ओपन, पीसफुल, प्रॉस्परस और रूल्स-बेस्ड इंडो-पैसिफिक के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और साइबर सुरक्षा को लेकर दोनों देशों की चिंताएँ समान हैं और डिफेंस, मैरीटाइम सिक्योरिटी में साझे हित जुड़े हुए हैं। इसीलिए रक्षा उद्योग और इनोवेशन में आपसी सहयोग को और सशक्त करने का निर्णय लिया गया है। अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी आपसी विश्वास, साझा मूल्यों और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हम साथ मिलकर अपनी जनता और पूरी दुनिया के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि का सपना देखते हैं। (Prime Minister Narendra Modi)
दो सालों में ही 13 बिलियन डॉलर का निजी निवेश
भारत-जापान बिजनेस फोरम में उन्होंने कहा कि जापान भारत की विकास यात्रा का स्थायी साथी रहा है। मेट्रो से लेकर मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर से लेकर स्टार्ट-अप्स तक हर क्षेत्र में यह साझेदारी आपसी विश्वास का प्रतीक है। जापानी कंपनियां अब तक भारत में 40 बिलियन डॉलर से ज्यादा निवेश कर चुकी हैं। सिर्फ पिछले दो सालों में ही 13 बिलियन डॉलर का निजी निवेश आया है। JBIC और JETRO की रिपोर्ट के अनुसार, 80 प्रतिशत जापानी कंपनियां भारत में विस्तार करना चाहती हैं और अधिकांश कंपनियां मुनाफे में हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापानी तकनीक और भारतीय प्रतिभा मिलकर एक “विनिंग कॉम्बिनेशन” है। डिजिटल पार्टनरशिप 2.0 और एआई सहयोग पहल शुरू की जाएगी। सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ मिनरल्स सहयोग में सबसे ऊपर रहेंगे। रोबोटिक्स, न्यूक्लियर एनर्जी, शिपबिल्डिंग और स्पेस सेक्टर में नई संभावनाओं पर काम होगा। (Prime Minister Narendra Modi)
ISRO और JAXA के बीच चंद्रयान-5 मिशन के लिए समझौता
उन्होंने कहा कि ISRO और JAXA के बीच चंद्रयान-5 मिशन के लिए समझौता हुआ है। भारत और जापान ने संयुक्त क्रेडिट मैकेनिज्म लॉन्च किया है, जिसे ऊर्जा क्षेत्र के लिए “बड़ी जीत” बताया गया। इसके तहत सस्टेनेबल फ्यूल्स, बैटरी सप्लाई चेन और क्लीन एनर्जी पर सहयोग होगा। भारत ने 2047 तक 100 गीगावाट न्यूक्लियर पावर और 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी का लक्ष्य तय किया है। दोनों देशों ने तय किया कि अगले पांच सालों में 5 लाख लोगों का आपसी आदान-प्रदान होगा। इनमें 50,000 कुशल भारतीय जापान की अर्थव्यवस्था में सीधा योगदान देंगे। इसके अलावा भारतीय राज्यों और जापानी प्रीफेक्चर्स के बीच संस्थागत साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।

भारत और जापान ने रक्षा उद्योग और नवाचार में साझेदारी गहरी करने का निर्णय लिया। समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद व साइबर सुरक्षा को लेकर साझा रणनीति पर बल दिया गया। दोनों देश मुक्त, खुला और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक के प्रति प्रतिबद्ध रहे। प्रधानमंत्री मोदी को ताकासाकी-गुन्मा स्थित शोरिनजन दारुमा-जी मंदिर के मुख्य पुजारी सेशी हिरोसे ने एक दारुमा गुड़िया भेंट की। यह विशेष भाव भारत और जापान के बीच घनिष्ठ सभ्यतागत और आध्यात्मिक संबंधों की पुष्टि करता है। जापानी संस्कृति में दारुमा गुड़िया को शुभ और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। गुन्मा में ताकासाकी शहर प्रसिद्ध दारुमा गुड़ियों का जन्मस्थान है। जापान में दारुमा परंपरा बोधिधर्म की विरासत पर आधारित है, जो कांचीपुरम के एक भारतीय भिक्षु थे। जापान में उन्हें दारुमा दाइशी के नाम से जाना जाता है और कहा जाता है कि वे यहां एक हजार साल से भी पहले आए थे। (Prime Minister Narendra Modi)




