छत्तीसगढ़ के बचे 5 सीटों पर आज प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है कांग्रेस, दिल्ली में CEC की बैठक में होगा फैसला

Congress CEC Meeting: छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस ने 5 लोकसभा सीटों पर अभी तक प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। इस बीच दिल्ली में कांग्रेस CEC की बैठक रखी गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ लोकसभा की बची 5 सीटों के प्रत्याशियों के नामों पर मंथन होगा। संभावना है कि बैठक के बाद रात तक सूची जारी की जा सकती है। बैठक में PCC चीफ दीपक बैज भी शामिल होंगे।कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 6 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का नाम जारी किया है। बस्तर से PCC चीफ दीपक बैज मौजूदा सांसद है। वहीं कोंटा विधायक और पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने इस सीट के लिए बेटे हरीश लखमा को प्रत्याशी बनाने का दावा किया था, लेकिन बात बनती नहीं दिखाई दी।

यह भी पढ़ें:- मातम में बदली शादी की खुशी, सीमेंट से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 बारातियों की मौत

बता दें कि बस्तर में कवासी लखमा का सियासी कद बड़ा है। ऐसे में माना जा रहा है कि कवासी को पार्टी नाराज नहीं करेगी, लेकिन टिकट बेटे की जगह उन्हें दिया जा सकता है। कांग्रेस चुनाव में सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। प्रदेश में OBC वर्ग के तीन बड़े समाज हैं, जिनमें साहू, कुर्मी और यादव शामिल हैं। बीजेपी ने साहू और कुर्मी समाज से प्रत्याशी उतारा है। ऐसे में जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस बिलासपुर से यादव समाज का प्रत्याशी उतार सकती है। इनमें विष्णु यादव का नाम तय माना जा रहा है। हालांकि पहले देवेंद्र यादव का नाम आगे आया था। संभावना है कि कांग्रेस बिलासपुर समेत बाकी की सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी कर देगी। (Congress CEC Meeting)

लोकसभा के लिए छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी

बस्तर लोकसभा – कवासी लखमा, हरीश लखमा, दीपक बैज
बिलासपुर लोकसभा – विष्णु यादव, देवेंद्र यादव
कांकेर लोकसभा – दीपक बैज, बीरेश ठाकुर, मोहन मरकाम
सरगुजा लोकसभा – शशि सिंह, मधु सिंह
रायगढ़ लोकसभा- जय माला सिंह, लालजीत सिंह राठिया, चक्रधर सिदार

सरगुजा से महिला को मिल सकता है मौका

इधर, नाम की घोषणा से पहले ही देवेंद्र यादव की टीम बिलासपुर लोकसभा सीट का दौरा करने लगी है। वहीं सरगुजा लोकसभा से महिला प्रत्याशी शशि सिंह और मधु सिंह का नाम आगे चल रहा है। युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और जिला पंचायत सदस्य शशि सिंह प्रदेश के आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी हैं। इन दिनों वे बेहद सक्रिय हैं। छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में महिला प्रत्याशियों का समीकरण साधने के लिए शशि सिंह या मधु सिंह को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। कांग्रेस के लिए सरगुजा ​​​​​इस समय सबसे कमजोर सीट है और शशि सिंह नया चेहरा हैं। हालांकि मधु सिंह की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए चिंतामणि महाराज यहां से उम्मीदवार हैं। (Congress CEC Meeting)

प्रत्याशी चयन में BJP कांग्रेस से आगे

इससे पहले 8 मार्च को कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट जारी की थी। इनमें 39 सीटों से प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया था। वहीं छत्तीसगढ़ की 11 सीटों पर 6 प्रत्याशी घोषित हुए थे। लिस्ट में पूर्व CM भूपेश बघेल समेत 2 पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक और कोरबा सांसद का नाम शामिल था। बता दें कि BJP ने छत्तीसगढ़ के सभी 11 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है, लेकिन कांग्रेस ने अभी तक सिर्फ 6 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इस मामले में BJP कांग्रेस से आगे हैं, क्योंकि उनके सभी 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान पर उतार चुके हैं। साथ ही अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों का दौरा भी करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस को सबसे कम समय बस्तर लोकसभा सीट के लिए मिलेगा, क्योंकि यहां 19 अप्रैल को पहले चरण में वोट डाले जाएंगे। (Congress CEC Meeting)

Related Articles

Back to top button