रायपुर में भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को होगा महामुकाबला, टिकट बिक्री 22 नवंबर से शुरू

ODI Match in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करने जा रही है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने टिकट दरों से लेकर तैयारियों तक सभी व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी दी है। इस बार स्टूडेंट्स के लिए टिकट 800 रुपए में उपलब्ध होगी। छात्र अपने स्कूल-कॉलेज के वैध ID कार्ड के आधार पर सिर्फ एक टिकट खरीद सकेंगे।
यह भी पढ़ें:- कन्वर्टेड ईसाइयों ने की कब्रिस्तान के लिए जमीन की मांग, विश्व हिंदू परिषद ने खोला मोर्चा
पिछली बार स्टूडेंट टिकट की कीमत 1000 रुपए थी। टिकट की कम कीमत से छात्र दर्शकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने कहा कि यह व्यवस्था युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मुकाबला देखने का अवसर देने के लिए की गई है। स्टेडियम की टिकटें इस बार कई कैटेगरी में उपलब्ध रहेंगी, जैसे स्टैंड्स- 1500, 2500, 3000, 3500 रुपए, सिल्वर- 6,000 रुपए, गोल्ड- 8,000 रुपए, प्लैटिनम- 10,000 रुपए और कॉरपोरेट बॉक्स- 20,000 रुपए में उपलब्ध होगी। ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए एक ID पर अधिकतम 4 टिकट ही दी जाएंगी। (ODI Match in Raipur)
कब और कहां मिलेंगे टिकट
22 नवंबर शाम 5 बजे से ऑनलाइन टिकट वेबसाइट ticketgenie.in पर मिलेगी। वहीं फिजिकल टिकट 24 नवंबर से
रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम मिलेगी। इसके लिए QR कोड और आधार कार्ड दिखाना आवश्यक होगा। कुल करीब 46 हजार टिकटों की बिक्री होगी। 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ सभी दिव्यांग बच्चों को नि:शुल्क मैच दिखाएगा। उनके आने-जाने के लिए बस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। (ODI Match in Raipur)
1 दिसंबर को रायपुर पहुंचेंगी दोनों टीमें
भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में होगा। इसके बाद टीमें 1 दिसंबर को रायपुर पहुंचेंगी और 2 दिसंबर को प्रैक्टिस करेंगी। स्टेडियम में 22 वॉटर फिल्टर लगाए गए हैं, ताकि दर्शकों को पानी खरीदना न पड़े। वेंडर्स को रेट चार्ट लगाकर ही सामान बेचना होगा। पूरे स्टेडियम में भी रेट लिस्ट चस्पा की जाएगी। किसी भी वस्तु को तय दर से ज्यादा कीमत पर बेचने पर वेंडर के खिलाफ कार्रवाई होगी।
खाने-पीने की कीमतें
- 2 समोसे – ₹60
- चीज – ₹50
- 2 कचोरी – ₹50
- बर्गर – ₹80
- सैंडविच – ₹60
- पॉपकॉर्न – ₹60
- बिरयानी – ₹150
- चिप्स – MRP
- आइसक्रीम – MRP
स्टेडियम में मरम्मत जारी
मैच से पहले स्टेडियम की खराब स्थिति को सुधारने के लिए कई विभाग काम कर रहे हैं। कॉरपोरेट बॉक्स की फॉल्स सीलिंग टूटी हुई है। पवेलियन की कुर्सियां गायब है। वाटर कूलर्स खराब है। मैदान की घास सूख गई है। PWD और खेल विभाग को मरम्मत का जिम्मा दिया गया है। PWD ने फॉल्स सीलिंग, पेंट, पुट्टी और कमरे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। काम 7 दिनों में पूरा करने का दावा किया गया है। सफाई व्यवस्था दो कंपनियों को सौंपी गई है। क्लीन टेक कंपनी को पवेलियन, ड्रेसिंग रूम, मीडिया बॉक्स, वीआईपी और कॉरपोरेट क्षेत्र का जिम्मा सौंपा गया है। (ODI Match in Raipur)
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच और अपग्रेडेशन
इसी तरह मास इंडिया कंपनी को दर्शक दीर्घा और बड़े क्षेत्रों की सफाई की जिम्मेदारी मिली है। सुरक्षा, फायर सेफ्टी, एग्जिट रूट और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन भी किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, ड्रेसिंग रूम, मीडिया बॉक्स और पवेलियन सीटिंग को अपग्रेड किया जा रहा है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए PWD ने वन विभाग से 1000 बल्लियां और बांस भी मांगे हैं। स्टेडियम में बड़े पैमाने पर मरम्मत और अपग्रेडेशन चल रहा है। सिर्फ 15 दिनों में सभी कार्य पूरे किए जाने हैं। अफसरों का कहना है कि तय टाइमलाइन में सारी तैयारी पूरी कर ली जाएगी।



