लोकतांत्रिक साझेदारी पर भारत की नई दृष्टि, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रखी वैश्विक संवाद की नींव

Om Birla in Bridgetown: ब्रिजटाउन में आयोजित 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने बारबाडोस की नेशनल असेंबली का औपचारिक दौरा किया। नेशनल असेंबली के स्पीकर आर्थर होल्डर ने बिरला और प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस दौरान दोनों देशों के सांसदों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों के आदान-प्रदान, वैश्विक मंचों पर सहयोग और संसदीय साझेदारी को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। बिरला ने बारबाडोस की संसद में वह ऐतिहासिक स्पीकर की कुर्सी देखी, जिसे 1966 में भारत सरकार ने बारबाडोस की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में उपहार स्वरूप दिया था।
यह भी पढ़ें:- भारत भू-सांस्कृतिक देश है, भू-राजनीतिक नहीं, घुसपैठियों को देश से बाहर भेजेंगे: गृहमंत्री शाह
भारतीय सागौन की लकड़ी से बनी यह कुर्सी 12 भारतीय कारीगरों की ओर से एक साल में तैयार की गई थी। इस पर अंकित वाक्य “भारत की जनता की ओर से बारबाडोस की जनता के लिए” दोनों देशों के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों की गहराई को दर्शाता है। बिरला ने इसे भारत-बारबाडोस मैत्री का जीवंत प्रतीक बताया। दोनों पक्षों ने शिक्षा, संस्कृति, अक्षय ऊर्जा और संसदीय सहयोग के क्षेत्रों में नए अवसरों की खोज पर सहमति जताई। बारबाडोस दौरे के दौरान बिरला ने भारतीय समुदाय से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों ने अपनी कड़ी मेहनत और ईमानदारी से विश्व स्तर पर पहचान बनाई है। (Om Birla in Bridgetown)

उन्होंने कहा कि बारबाडोस में भारतीय समुदाय दिवाली, होली, गणेश चतुर्थी और नवरात्रि जैसे त्योहारों को मिलजुल कर मनाता है, जिससे आपसी एकता मजबूत होती है। बिरला ने कहा कि रामायण और महाभारत की शिक्षाएं सत्य, धर्म और कर्तव्य का मार्ग दिखाती हैं और प्रवासी भारतीयों के जीवन में आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे भारतीय भाषाओं और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। बिरला ने कहा कि भारत आज अंतरिक्ष अन्वेषण, डिजिटल भुगतान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में विश्व का अग्रणी राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने क्रिकेट को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सेतु बताते हुए, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर भी प्रकाश डाला। (Om Birla in Bridgetown)

68वीं राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (CPC) के अवसर पर ओम बिरला ने विभिन्न देशों के संसदीय नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें की। ऑस्ट्रेलियाई सीनेट की प्रेसीडेंट सुसू लाइन्स से मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी (2020) को और मजबूत करने पर जोर दिया। बिरला ने भारत के डिजिटल संसद और एआई आधारित बहुभाषी उपकरणों की पहल का उल्लेख किया, जो विधायी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ाते हैं। उन्होंने सुलाइन्स को जनवरी 2026 में नई दिल्ली में होने वाले 28वें सीएसपीओसी सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण दिया।

बारबाडोस के स्पीकर आर्थर होल्डर के साथ बैठक में दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र, जी-77 और कैरिकॉम जैसे मंचों पर सहयोग बढ़ाने, संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से लोकतंत्र को और समावेशी बनाने पर चर्चा की। जमैका की स्पीकर सुजूलियट होलनेस के साथ बातचीत में, बिरला ने विधायी पारदर्शिता, क्षमता निर्माण और एआई के उपयोग से संसदीय दक्षता बढ़ाने पर बल दिया। जाम्बिया की नेशनल असेंबली की स्पीकर सुनेली मुट्टी के साथ बैठक में, बिरला ने भारत-जाम्बिया की दीर्घकालिक मित्रता और संसदीय सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की। (Om Birla in Bridgetown)

उन्होंने जनवरी 2026 में नई दिल्ली में होने वाले 28वें सीएसपीओसी सम्मेलन में भाग लेने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भारत की सक्रिय भागीदारी और ओम बिरला की कूटनीतिक पहल ने यह संदेश दिया कि भारत वैश्विक लोकतांत्रिक सहयोग और संसदीय नवाचार का नेतृत्व कर रहा है। बारबाडोस की संसद में भारतीय स्पीकर की ऐतिहासिक कुर्सी से लेकर एआई आधारित डिजिटल संसद की दिशा तक यह यात्रा परंपरा और तकनीक के संगम से सशक्त हो रहे भारत की कहानी कहती है।



