Google Analytics —— Meta Pixel

धमतरी के दो राइस मिलों पर छापा, 5 करोड़ कीमत के 22 हजार क्विंटल धान जब्त

Paddy Seized in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन में अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। धमतरी, सूरजपुर और सरगुजा में बीते दो दिनों में बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया है। सभी मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। धान खरीदी के बीच में धमतरी जिला प्रशासन की स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अशोक राइस मिल और फूलमनी राइस मिल में एक साथ छापा मारा। अवैध भंडारण की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई में टीम को कुल 22 हजार क्विंटल अवैध धान मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:- केंद्र सरकार ने PMO का नाम बदला, अब कहलाएगा ‘सेवा तीर्थ’, छत्तीसगढ़ का राजभवन अब होगा लोकभवन

जांच दल में खाद्य विभाग, मंडी अधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक मिल संचालकों ने यह धान अवैध तरीके से संग्रहित किया था। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि जांच के बाद दोनों मिल संचालकों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूरजपुर जिले में बसदेई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से 85 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। धान की कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने वाहन और धान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जब्त धान को राजस्व विभाग को सौंप दिया गया है। (Paddy Seized in Chhattisgarh)

मैनपाट में घरों से 52 क्विंटल धान जब्त

वहीं सरगुजा जिले के मैनपाट ब्लॉक में सोमवार को दो जगहों पर छापेमारी कर कुल 52 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। सपनादर में गुलाब यादव के घर से 70 बोरी (28 क्विंटल) और कमलेश्वरपुर में श्याम यादव के घर से 60 बोरी (24 क्विंटल) धान जब्त किया गया। दोनों मामलों में मंडी अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है। कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देश पर जिले में लगातार मॉनिटिरिंग की जा रही है। अब तक 10 मामलों में 1335 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त कर शासन की करीब 31.98 लाख रुपए की आर्थिक हानि रोकने में सफलता मिली है। पिछले दिनों कई जगहों पर किए गए गोदाम निरीक्षण में भी बड़ी मात्रा में अवैध धान पकड़ा गया। कई व्यापारियों के ठिकानों से कुल 3177 बोरी (लगभग 1283 क्विंटल) धान मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 30.73 लाख रुपए है।

जानिए कहां कितना धान जब्त ? 

व्यापारी/ फर्म बरामद धान अनुमानित कीमत
श्री साई ट्रेडिंग 40 क्विंटल 95 हजार 560 रुपए
आदर्श ट्रेडिंग 72 क्विंटल 1 लाख 70 हजार 568 रुपए
जे.के. ट्रेडिंग 200.80 क्विंटल 4 लाख 75 हजार 695 रुपए
महामाया ट्रेडिंग 90 क्विंटल 2 लाख 15 हजार 010 रुपए
बंसल ट्रेडर्स 484 क्विंटल 11 लाख 56 हजार 276 रुपए
कृष्णा ट्रेडिंग 252 क्विंटल 6 लाख 02 हजार 028 रुपए
मुकेश और सुभाष गुप्ता 120 क्विंटल 2 लाख 84 हजार 280 रुपए
ग्राम बेलगाँव 24 क्विंटल 74 हजार 400 रुपए
अनिल ट्रेडर्स 24 क्विंटल 74 हजार 400 रुपए

सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई में खाद्य अधिकारी, तहसीलदार, डीएमओ, एआरसीएस, खाद्य निरीक्षक और मंडी निरीक्षक शामिल थे।  अवैध धान के अंतर्राज्यीय और आंतरिक परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। जंगल और वैकल्पिक मार्ग भी सील किए गए हैं। विशेष टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। कलेक्टरों ने निर्देश दिया है कि अवैध धान के संग्रहण या परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। (Paddy Seized in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!