Google Analytics —— Meta Pixel

दूर हुआ पहाड़ी कोरवा दुखुराम का दुख, नौकरी से बदली लाइफ स्टाइल

Pahadi Korwa Dukhuraam: कोरबा के पहाड़ी कोरवा दुखुराम की दिनचर्या अब बदल गई है। राज्य शासन से नौकरी मिलने के बाद एक नया सपना सजने लगा है। कुछ साल पहले रोजगार नहीं होने से पूरा दिन जंगलों में चार, तेंदू, महुआ जैसे फल-फूल एकत्रित करने में समय गुजर जाता था। भूख मिटाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती थी। ऐसे में एक सामान्य जनजीवन व्यतीत करना एक कल्पना थी, लेकिन यह कल्पना एक दिन हकीकत में बदल जाएगी यह पहाड़ी कोरवा दुखुराम ने भी नहीं सोचा था। राज्य शासन की पहल ने उसे इस मुकाम पर ला खड़ा किया है कि अब वह इतिहास में जाना नहीं चाहता।

यह भी पढ़ें:- Kolkata Doctor Case : माफी नहीं मांगें तो… कपिल सिब्बल को मिली चेतावनी, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ने लिखी चिट्ठी

सरकारी नौकरी के बाद अपनी दुखों से दूर हुए पहाड़ी कोरवा दुखुराम अपना भविष्य सुधारने के साथ बच्चों का भविष्य बनाने की सोचने लगा है। नौकरी से न सिर्फ दुखुराम का जीवन बदला है, उनकी पत्नी समेत परिवार को भी जीवन का सुख मिलने लगा है। वर्तमान में कोरबा जिले के पेण्ड्रीडीह गांव में रहने वाला पहाड़ी कोरवा दुखुराम को छत्तीसगढ़ शासन की ओर से सहायक शिक्षक के रूप में नौकरी दी गई है। वह कोरबा मुख्यालय के सुदूरवर्ती क्षेत्र श्यांग-अमलडीहा से लगे आमाडांड गांव के शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों को पढ़ाता है। रोजाना पेण्ड्रीडीह गांव से अपने स्कूल आमाडांड की दूरी बाइक से तय करने वाले दुखुराम ने बताया कि वह समय पर स्कूल पहुंच जाता है। (Pahadi Korwa Dukhuraam)

पेण्ड्रीडीह में उनके रिश्तेदार रहते हैं, इसलिए यहीं निवास करता है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में नौकरी करना कठिन लगा, क्योंकि उसे जंगल में रहने की आदत थी, लेकिन धीरे-धीरे आदत बदल गई और स्कूल माहौल में रहने से काम करने में झिझक भी मिटने लगी। गौरतलब है कि राज्य शासन की ओर से आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से समय-समय पर जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार के सदस्यों को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी से जोड़कर उनके जीवन स्तर को बदलने का कार्य किया जाता है। पहाड़ी कोरवा दुखुराम भी इन्हीं प्रयास का एक हिस्सा है। (Pahadi Korwa Dukhuraam)

दुखुराम के रहन-सहन में बदलाव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टर अजीत वसंत ने कोरबा जिले में बड़ी संख्या में निवासरत पीवीटीजी के उत्थान की दिशा में 8वीं से लेकर उच्च शिक्षा हासिल करने वाले पहाड़ी कोरवाओं को डीएमएफ के माध्यम से मानदेय के आधार पर स्कूल और अस्पताल में रोजगार देने का न सिर्फ पहल किया है बल्कि सभी का बेहतर भविष्य बनाने के साथ आने वाले पीढ़ियों को भी समाज के मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में कदम उठाया है। कोरबा जिले में डीएमएफ से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार के सदस्यों को नौकरी मिली है। शासकीय सेवा में आने के साथ ही कोरवा युवक दुखुराम का रहन-सहन में काफी परिवर्तन आ गया है। एक शिक्षक के रूप में पहनावा और स्कूली विद्यार्थियों के बीच उनके व्यवहार में परिवर्तन आया है। (Pahadi Korwa Dukhuraam)

नौकरी से बदली लाइफ स्टाइल

नौकरी के बाद प्रतिमाह समय पर वेतन मिल जाने से उसकी आर्थिक स्थिति भी सुधरने लगी है। दुखुराम ने बताया कि वेतन का कुछ रकम बचत करता है, ताकि वह भी आने वाले समय में अपने बच्चों का भविष्य बना सके। दो साल पहले ही शादी के बंधन में बंधे दुखुराम ने बताया कि उसे भी मोटर साइकिल चलाने, मोबाइल का शौक था। नौकरी पाकर मोटर साइकिल और मोबाइल की शौक पूरी कर चुका है, अब जल्दी ही घर में टीवी समेत अन्य जरूरी सामान भी लेगा। वहीं दुखुराम की पत्नी जून बाई का कहना है कि अब पति नौकरी करते हैं तो फिर आस-पास की महिलाओं के साथ महुआ, चार, तेंदूपत्ता के लिए जंगल जाना छूट गया है और उनकी भी कोशिश है कि जंगल की ओर जाने की बजाय बेहतर है कि एक नया जीवन जीकर आने वाली पीढ़ी को संवारने का काम किया जाएं। (Pahadi Korwa Dukhuraam)

Back to top button
error: Content is protected !!