Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ का विवादित बयान, कहा- कश्मीर बनेगा पाकिस्तान का हिस्सा

Pakistani PM Shahbaz Sharif: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर कश्मीर को लेकर विवादित बयान दिया है। गुरुवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की राजधानी मुजफ्फराबाद में विधानसभा को संबोधित करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा कि कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान कश्मीरियों के साथ मजबूती से खड़ा है और जम्मू-कश्मीर विवाद का समाधान कश्मीर के लोगों की इच्छा के अनुसार होना चाहिए। शहबाज शरीफ ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्तावों को लागू करने से ही सुलझ सकता है।

यह भी पढ़ें:- जिन हाथों ने कभी बंदूक थामकर हिंसा को अंजाम दिया, वही प्रशिक्षण लेकर सीख रहे हुनर

शहबाज शरीफ ने अपने संबोधन में कहा कि मैं पाकिस्तानी जनता और नेतृत्व की ओर से कश्मीर के अपने भाइयों के साथ एकजुटता दिखाने आया हूं। उन्होंने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना का जिक्र किया और कहा कि जिन्ना ने कश्मीर को पाकिस्तान की लाइफलाइन बताया था। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति चाहता है, लेकिन यह शांति बराबरी और न्याय के आधार पर ही संभव है। हर साल की तरह इस साल भी 5 फरवरी को पाकिस्तान में कश्मीर एकजुटता दिवस मनाया गया। इस मौके पर देशभर में रैलियां, प्रदर्शन और सेमिनार आयोजित किए गए। सरकारी रेडियो के मुताबिक संघर्ष में जान गंवाने वालों की याद में सुबह 10 बजे एक मिनट का मौन भी रखा गया।

भारत का सख्त रुख

भारत ने पाकिस्तान के इन दावों को हर बार सिरे से खारिज कर दिया है। केंद्र सरकार का साफ कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग थे, हैं और हमेशा रहेंगे। हालांकि इसके बाद भी शहबाज शरीफ ने कहा कि कश्मीर मुद्दा पाकिस्तान की विदेश नीति का आधार है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच मई 2025 में हुए चार दिवसीय सैन्य संघर्ष का जिक्र करते हुए दावा किया कि इसके बाद कश्मीर मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर फिर मजबूती से उठा है। उन्होंने भारत पर प्रॉक्सी आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि भारत बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) को समर्थन दे रहा है। भारत इन आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है। (Pakistani PM Shahbaz Sharif)

कश्मीर को फिलिस्तीन से जोड़ा

शहबाज शरीफ ने कश्मीर की तुलना फिलिस्तीन से करते हुए कहा कि दोनों ही न्याय और आत्म-निर्णय की लड़ाई हैं। उन्होंने अलगाववादी और उग्रवादी आंदोलनों से जुड़े कई लोगों का भी जिक्र किया। इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी बयान जारी कर कश्मीरियों को पाकिस्तान के नैतिक, कूटनीतिक और राजनीतिक समर्थन का भरोसा दिलाया था। शहबाज शरीफ इससे पहले सितंबर 2025 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत को दुश्मन बताते हुए दावा कर चुके हैं कि भारत-पाक संघर्ष में पाकिस्तान की जीत हुई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि पाकिस्तान ने भारत के 7 विमान मार गिराए। (Pakistani PM Shahbaz Sharif)

सिंधु जल संधि पर दी थी धमकी

शहबाज ने पहलगाम आतंकी हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की थी, जिसे भारत ने खारिज कर दिया। उन्होंने भारत पर कट्टरपंथी हिंदुत्व को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया था। अक्टूबर 2025 में सिंधु जल संधि को लेकर भी शहबाज शरीफ ने भारत को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि दुश्मन पाकिस्तान से एक बूंद पानी भी नहीं छीन सकता। अगर पानी रोकने की कोशिश हुई तो ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। उन्होंने इसे सिंधु जल संधि का उल्लंघन बताया था। बता दें कि 7 मई 2025 को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक सैन्य कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन में मुरिदके, कोटली, भिंबर, बहावलपुर समेत कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। मुरिदके लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय था। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी।

Back to top button
error: Content is protected !!