Google Analytics —— Meta Pixel

परीक्षा पे चर्चा 2026: छत्तीसगढ़ से जुड़े लाखों छात्र, रायपुर के तेजस ने PM नरेंद्र मोदी से पूछे सवाल

Pariksha Pe Charcha Chhattisgarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित परीक्षा पे चर्चा 2026 कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सहभागिता इस साल खास तौर पर देखने को मिली। कार्यक्रम के दोनों चरणों में राज्य के हजारों स्कूलों से लाखों स्टूडेंट्स, शिक्षक और पालक जुड़े। बता दें कि परीक्षा पे चर्चा का पहला चरण 6 फरवरी 2026 को देशभर के स्कूलों में लाइव प्रसारित किया गया था। इस चरण में छत्तीसगढ़ के 36 हजार 903 स्कूलों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। इस दौरान 26.65 लाख स्टूडेंट्स, 1.54 लाख शिक्षक और 1.68 लाख पालक कार्यक्रम से जुड़े। इस तरह कुल 29.87 लाख दर्शकों ने परीक्षा से जुड़े इस संवाद को देखा।

महासमुंद की सृष्टि साहू ने बढ़ाया राज्य का मान

समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्यभर में 478 सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की गई, जहां लगभग 42 हजार नागरिकों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया। पहले चरण में महासमुंद जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा सृष्टि साहू को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर मिला। यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय रही। कार्यक्रम का दूसरा चरण 9 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया। इस चरण में भी छत्तीसगढ़ की सहभागिता उतनी ही व्यापक रही। राज्य के 36,905 स्कूलों से कार्यक्रम का प्रसारण हुआ, जिसे 26.65 लाख स्टूडेंट्स, 1.54 लाख शिक्षक और 1.68 लाख पालकों समेत कुल 29.89 लाख दर्शकों ने देखा। पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी 478 सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की गई, जिससे लगभग 42 हजार लोगों ने कार्यक्रम को देखा।

यह भी पढ़ें:- पढ़ाई के तनाव और थकान को दूर करने के लिए कला का उपयोग करें: प्रधानमंत्री मोदी

दूसरे चरण में रायपुर जिले के माना कैम्प स्थित पीएम श्री नवोदय स्कूल के 11वीं के छात्र तेजस चंद्राकर को प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिला। तेजस ने PM मोदी से पूछा कि परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रों को किन स्थानों की यात्रा करनी चाहिए, जिससे पढ़ाई के साथ-साथ कुछ सीखने को भी मिले ? इस पर प्रधानमंत्री ने तेजस को सलाह दी कि वह यात्रा की शुरुआत अपने निवास तहसील से करे। उन्होंने कहा कि पहले तहसील, फिर जिले और उसके बाद पूरे राज्य के दर्शनीय और ऐतिहासिक स्थलों की सूची तैयार करें। प्रधानमंत्री ने यात्राओं को सिर्फ घूमने तक सीमित न रखते हुए उन्हें सीखने का माध्यम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राओं से छात्रों की समझ बढ़ती है, अनुभव मिलता है और जीवन को देखने का नजरिया विकसित होता है। (Pariksha Pe Charcha Chhattisgarh)

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि परीक्षा सिर्फ अंक हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि जीवन को समझने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अनुभव अर्जित करने की प्रक्रिया है। छत्तीसगढ़ की व्यापक सहभागिता ने यह साबित किया कि राज्य के स्टूडेंट्स, शिक्षक और पालक शिक्षा को लेकर सजग और सक्रिय हैं। रायपुर और महासमुंद के छात्रों को प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिलना छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना है और यह विश्वास भी कि उनकी आवाज राष्ट्रीय मंच तक पहुंच रही है। परीक्षा से आगे सोचने, सीखने और अनुभव को महत्व देने का संदेश देते हुए यह कार्यक्रम छात्रों को केवल आज की परीक्षा नहीं, बल्कि कल के जीवन के लिए भी तैयार करता नजर आया। (Pariksha Pe Charcha Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!