पढ़ाई के तनाव और थकान को दूर करने के लिए कला का उपयोग करें: प्रधानमंत्री मोदी
Pariksha Pe Charcha 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा 2026 के दूसरे एपिसोड में तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, गुजरात के देवमोगरा और असम के गुवाहाटी के छात्रों से संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पढ़ाई, करियर, तकनीक, अनुशासन, नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण और आत्मविश्वास जैसे विषयों पर छात्रों के सवालों के जवाब दिए। इस बार का परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम पहले से अलग नजर आया। प्रधानमंत्री ने बताया कि कई छात्रों ने सुझाव दिया था कि यह कार्यक्रम एक ही जगह सीमित न रहे, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचे। इसी सोच के तहत इस विशेष संस्करण में तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात और असम को शामिल किया गया।
यह भी पढ़ें:- कभी भी टेक्नोलॉजी का गुलाम नहीं बनना चाहिए, पहले निडर बनें, नेतृत्व क्षमता अपने आप होगी विकसित: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
कार्यक्रम की शुरुआत तमिलनाडु के कोयंबटूर से हुई। प्रधानमंत्री ने वहां के छात्रों की सोच, आत्मविश्वास और तकनीक के प्रति जागरूकता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कोयंबटूर जैसे शहर भारत के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां युवा पढ़ाई के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप और नवाचार की दिशा में सोच रहे हैं। स्टार्टअप से जुड़े सवाल पर प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप केवल पैसे कमाने का जरिया नहीं, बल्कि समस्या समाधान की सोच है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि सबसे पहले यह तय करें कि वे जीवन में क्या करना चाहते हैं। सही दिशा तय होने के बाद ही स्टार्टअप या किसी भी करियर में सफलता मिलती है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उद्योग जगत के अनुभवी लोगों से सीखना और छोटे स्तर से शुरुआत करना ज्यादा व्यावहारिक रास्ता है। (Pariksha Pe Charcha 2026)
पढ़ाई और रुचि का संतुलन
छात्रों की ओर से पढ़ाई के दबाव और शौक के बीच संतुलन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रुचि को अलग-अलग मानना गलत है। अगर किसी छात्र को कला, संगीत या खेल में रुचि है, तो उसे पढ़ाई से जोड़कर देखा जा सकता है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान पढ़ने वाला छात्र चित्रों के माध्यम से विषय को समझ सकता है, जिससे पढ़ाई बोझ नहीं बल्कि आनंद बन जाती है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को छात्रों से जोड़ते हुए कहा कि देश का भविष्य केवल नीतियों से नहीं, बल्कि नागरिकों की आदतों से तय होता है। उन्होंने सड़क पर कचरा न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और भोजन की बर्बादी रोकने जैसी छोटी लेकिन प्रभावी आदतों का उल्लेख किया।
तकनीक से डर नहीं, नियंत्रण जरूरी: PM मोदी
प्रेरणा को लेकर प्रधानमंत्री ने एक अहम बात कही। उन्होंने कहा कि आजकल हर कोई प्रेरणा की बात करता है, लेकिन अनुशासन को भूल जाता है। अनुशासन के बिना प्रेरणा टिकाऊ नहीं होती। अगर अनुशासन नहीं है, तो प्रेरणा धीरे-धीरे निराशा में बदल जाती है। वहीं, अनुशासन के साथ प्रेरणा जुड़ जाए तो सफलता तय है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव पर प्रधानमंत्री ने संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक से डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन हमें तकनीक का गुलाम भी नहीं बनना चाहिए। तकनीक को शिक्षक की तरह इस्तेमाल करना चाहिए, न कि मालिक की तरह। (Pariksha Pe Charcha 2026)
पर्यावरण और छोटी आदतों की ताकत
छत्तीसगढ़ के रायपुर में छात्रों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने यात्रा को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को पहले अपने जिले, फिर राज्य और देश को समझना चाहिए। यात्रा से अनुभव मिलता है और सोच का दायरा बढ़ता है। खेल और पढ़ाई के संबंध पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मान्यता गलत है कि जो खेल में अच्छा है, उसे पढ़ाई की जरूरत नहीं, या जो पढ़ाई में अच्छा है, उसे खेल की जरूरत नहीं। जीवन में दोनों का संतुलन जरूरी है। प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को केवल बड़े अभियानों तक सीमित न रखते हुए रोजमर्रा की आदतों से जोड़कर समझाया। उन्होंने दांत ब्रश करते समय पानी बंद रखने जैसे छोटे उदाहरण देकर बताया कि छोटी आदतें मिलकर बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
देवमोगरा और जनजातीय छात्रों से संवाद
नेतृत्व को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि नेता वही नहीं होता जो चुनाव जीतता है। नेतृत्व की पहली शर्त है पहल करना, निडर होना और अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त करना। उन्होंने छात्रों को हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। गुजरात के देवमोगरा में जनजातीय छात्रों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को विकास की नींव बताया। उन्होंने जनजातीय समाज की संस्कृति और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा से ही समाज सशक्त बनेगा। कार्यक्रम का समापन असम के गुवाहाटी में हुआ, जहां प्रधानमंत्री ने छात्रों को तुलना के दबाव से बाहर निकलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक को भी बच्चों की आपस में तुलना नहीं करनी चाहिए। हर छात्र की क्षमता अलग होती है और खुद से बेहतर बनने की कोशिश ही असली सफलता है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि संतोष जरूरी है, लेकिन अत्यधिक संतोष प्रगति को रोक देता है। जीवन में आत्ममंथन और आत्म-सुधार की प्रक्रिया लगातार चलती रहनी चाहिए। पढ़ाई के तनाव और थकान को दूर करने के लिए कला का उपयोग करें। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा पे चर्चा का उद्देश्य केवल बोर्ड परीक्षा की तैयारी नहीं है। यह छात्रों को जीवन के हर चरण के लिए मानसिक रूप से तैयार करने का प्रयास है, ताकि वे आत्मविश्वास, संतुलन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ सकें। पहला एपिसोड 6 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे प्रसारित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से परीक्षा, तनाव और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की थी। (Pariksha Pe Charcha 2026)



