Parliament Budget Session 2025 : जब सत्ता सेवा बन जाए, तो राष्ट्र निर्माण होता है’, राहुल के आरोपों पर बोले PM, हम संविधान को जीते हैं
Parliament Budget Session 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. इसके साथ ही उन्होंने विदेश नीति को समझने के लिए अमेरिकी विदेश नीति विशेषज्ञ ब्रूस रीडेल की किताब ‘जेएफके फॉरगॉटेन क्राइसिस’ पढ़ने की सलाह दी. मोदी ने चीन के साथ सीमा विवाद से निपटने में विफल रहने के आरोपों पर अपनी सरकार के आलोचकों पर प्रहार करते हुए ये बातें कही.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम संविधान को जीते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में जो धाराएं हैं, एक स्पिरिट भी है। मोदी ने कहा कि संविधान को मजबूती देने के लिए संविधान की भावना को जीना पड़ता है। हम वो लोग हैं जो संविधान को जीते हैं। मोदी ने कहा कि 2014 में जब हम आए, तब मान्य विपक्ष नहीं था। उतने अंक लेकर भी कोई नहीं आया था। भारत के अनेक कानून ऐसे थे कि हमें पूरी स्वतंत्रता थी उस कानून के हिसाब से काम करने की। अनेक कमेटियां भी ऐसी थीं, जिसमें लिखा था विपक्ष के नेता उसमें आएंगे, लेकिन विपक्ष कोई था ही नहीं।
पीएम मोदी ने कहा कि अगर किसी को वास्तव में विदेश नीति में दिलचस्पी है… तो उन्हें ‘जेएफके फॉरगॉटेन क्राइसिस’ पढ़ना चाहिए. यह किताब एक विदेश नीति विद्वान द्वारा लिखी गई थी (और) इसमें भारत के पहले प्रधान मंत्री का उल्लेख है, जिनके पास विदेश मामलों का भी प्रभार था. (Parliament Budget Session 2025)
https://www.youtube.com/watch?v=Ma5tfXdVQoQ
विपक्ष पर PM मोदी का निशाना
पीएम मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया. इस दौरान उन्होंने कहा, “कुछ लोगों के लिए जाति के बारे में बात करना फैशन है. पिछले 30 वर्षों से OBC सांसद मांग कर रहे हैं कि OBC आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जाए. आज जो लोग जातिवाद में लाभ देखते हैं, उन्होंने तब OBC समुदाय के बारे में नहीं सोचा. हमने OBC आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया. SC, ST और OBC को हर क्षेत्र में अधिक अवसर मिलें – हमने इस दिशा में बहुत मजबूती से काम किया है.” इसके बाद मोदी ने दोनों सवाल दाग दिए.
विकसित भारत को लेकर लोगों के बीच बढ़ा विश्वास
इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि हम 2025 में हैं. एक तरह से 21वीं सदी का 25 प्रतिशत हिस्सा बीत चुका है. आजादी के बाद 20वीं सदी और 21वीं सदी के पहले 25 वर्षों में क्या हुआ, यह तो समय ही तय करेगा. लेकिन अगर हम राष्ट्रपति के अभिभाषण का सूक्ष्मता से अध्ययन करें, तो यह स्पष्ट है कि उन्होंने आने वाले 25 वर्षों और विकसित भारत को लेकर लोगों के बीच विश्वास कायम करने की बात कही. उनका संबोधन विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करता है, नया आत्मविश्वास पैदा करता है और आम लोगों को प्रेरित करता है.
25 करोड़ गरीबों के गरीबी से बाहर निकालने का किया दावा
पांच दशक तक हम गरीबी हटाओ के नारे सुनते रहे. आज 25 करोड़ गरीब गरीबी को परास्त कर उससे ऊपर उठ गए हैं. ये अचानक नहीं हुआ है. ये योजनाबद्ध तरीके से हुआ है, समर्पित प्रयासों के कारण हुआ है, गरीबों के संघर्ष के प्रति गहरी संवेदनशीलता के कारण हुआ है. जब कोई गरीबों की सेवा में अपना जीवन समर्पित करता है, तो ऐसे परिणाम मिलते हैं. जो लोग जमीन से जुड़े होते हैं, जो इसकी वास्तविकताओं को समझते हैं और इसके लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, वे निश्चित रूप से बदलाव लाते हैं.
असली विकास किया गया
पीएम मोदी ने कहा कि हमने गरीबों को सिर्फ खोखले नारे नहीं दिए, हमने असली विकास किया. गरीबों के संघर्ष, आम आदमी की कठिनाइयों और मध्यम वर्ग की चुनौतियों को समझने के लिए सच्ची प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है. दुख की बात है कि कुछ लोगों में यह सब नहीं है. जो लोग झुग्गी-झोपड़ियों में फोटो सेशन कराकर अपना मनोरंजन करते रहते हैं, उन्हें संसद में गरीबों पर चर्चा बोरिंग लगेगी.
एमएसएमई और एक्सपोर्ट सेक्टर में हुई बढ़ोतरी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने एमएसएमई सेक्टर के योगदान को महत्व दिया, खासकर रोजगार के अवसरों में इसके योगदान को बताया. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने कपड़ा उद्योग समेत कई छोटे उद्योगों को आर्थिक सहायता दी, जिससे उनके कैश फ्लो की कमी पूरी हुई और हजारों नौकरियां सुरक्षित रही. इसके परिणामस्वरूप, खिलौना निर्माण जैसे छोटे उद्योगों के निर्यात में बढ़त हुई है, और आयात में कमी आई है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया गया है.
एमएसएमई की योजनाओं पर बोले पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने गीग इकोनॉमी के विकास की दिशा में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की चर्चा की. उन्होंने बताया कि आज देश में एक करोड़ गीग वर्कर्स हैं, और सरकार ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से इनकी पहचान और सहायता सुनिश्चित कर रही है. इसके अलावा, एमएसएमई सेक्टर के लिए सरकार की नीति को भी स्पष्ट किया, जिसमें छोटे उद्योगों को सहूलियत और वित्तीय सहायता देने पर जोर दिया गया है. इस सेक्टर में सुधार और सुविधाएं बढ़ाने के लिए कई पहल की जा रही हैं.
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के विकास पर पीएम का संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के विकास पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि देश का तेजी से अर्बनाइजेशन हो रहा है, और इसे गति देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं. पीएम मोदी ने केन बेतवा लिंक परियोजना का भी जिक्र किया, जो बाबा साहब अंबेडकर के नदियों को जोड़ने के विजन को साकार करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही, उन्होंने नमो भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी को देश के हर क्षेत्र तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है.
आपदा में किसान को अकेला नहीं छोड़ा, बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने किसानों को आपदा के समय मदद देने का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आपदा के दौरान किसान को अकेला नहीं छोड़ा. किसानों को पौने दो लाख करोड़ रुपये की मदद दी गई है, और सिंचाई के लिए अहम कदम उठाए गए हैं. उन्होंने बाबा साहब आंबेडकर के विजन पर भी बात की. उन्होंने कहा कि उनसे प्रेरित होकर उनकी सरकार ने सौ से अधिक दशकों से लटकी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने का अभियान चलाया.
किसानों को पर्याप्त खाद मिलती है, कोविड में भी कीमत बढ़ने नहीं दी… सदन में बोले पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि 2014 के पहले यूरिया की कमी थी, लेकिन अब किसानों को पर्याप्त खाद मिलती है. सरकार ने कोविड संकट के दौरान भी यूरिया की कीमतों को बढ़ने नहीं दिया, बल्कि नियंत्रण में रखा. किसानों को सस्ती खाद दी. इसके लिए सरकार ने 12 लाख करोड़ रुपये खर्च किए. इसके अलावा, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 3.5 लाख करोड़ रुपये किसान के खाते में पहुंचाए गए.
‘नमो ड्रोन दीदी’ अब खेतों में काम करके लाखों रुपये कमा रही हैं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेती और ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर बात की. उन्होंने कहा कि ‘नमो ड्रोन दीदी’ अब खेतों में काम करके लाखों रुपये कमाने लगी हैं. वहीं, मुद्रा योजना पर पीएम ने कहा कि आज इस योजना के माध्यम से महिलाएं उद्योगपति की भूमिका में आई हैं. (Parliament Budget Session 2025)



