पठानकोट हमले के मास्टरमाइंड आतंकी शाहिद लतीफ की गोली मारकर हत्या
पठानकोट हमले का मास्टरमाइंड और भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी शाहिद लतीफ (Shahid Latif) की पाकिस्तान में हत्या कर दी गई है। अज्ञात हमलावरों ने पाकिस्तान के प्रांत पंजाब के शहर सियालकोट की एक मस्जिद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी है। एनआईए ने यूएपीए के तहत शाहिद के खिलाफ केस दर्ज किया था। वो भारत सरकार से लिस्टेड आतंकी था।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में 90 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय, कल CEC की बैठक में लगेगी अंतिम मुहर
शाहिद तलीफ (Shahid Latif) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला का रहने वाला था। वो जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ था। वो सियालकोट सेक्टर का कमांडर था, जो भारत में आतंकवादियों को लॉन्च करने की निगरानी और आतंकवादी हमलों की योजनाएं बनाने में शामिल रहता था।
शाहिद लतीफ (Shahid Latif) को 12 नवंबर, 1994 को गिरफ्तार किया गया था और भारत की जेलों में 16 साल की सजा काटने के बाद 2010 में वाघा के माध्यम से निर्वासित कर दिया गया था। पंजाब पठानकोट में 2 जनवरी, 2016 को जो हमला हुआ था, उसका मास्टरमाइंड शाहिद लतीफ ही था। इसके अलावा शाहिद इंडियन एयरलाइंस के विमान हाईजैक करने के मामले में भी आरोपी था।
ऐसे किया था पठानकोट में हमला
एयरबेस पर यह हमला 2016 को हुआ था। भारतीय सेना की वर्दी में आए हथियारबंद आतंकियों ने इसे अंजाम दिया था। वे सभी भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर रावी नदी के रास्ते आए थे। भारतीय इलाके में पहुंचकर आतंकियों ने कुछ गाड़ियां हाईजैक कीं और पठानकोट एयरबेस की ओर बढ़ गए। बाद में, कैंपस की दीवार कूदकर, लंबी घास से होते हुए उस जगह पहुंचे, जहां सैनिक रहते थे। यहां उनका पहला सामना सैनिकों से हुआ। फायरिंग में चार हमलावर मारे गए और तीन जवान शहीद हो गए। अगले दिन एक आईईडी धमाके में चार और भारतीय सैनिक शहीद हुए। सुरक्षाबलों को यह पक्का करने में तीन दिन लग गए कि हालात पूरी तरह उनके काबू में हैं।



