PM मोदी बोले- सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर के विजन के साथ मध्य एशिया जा रहा भारत, 29 अगस्त से उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान दौरा

PM Central Asia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। दौरे से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत मध्य एशिया के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का एजेंडा सिर्फ द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं रहेगा। उज्बेकिस्तान में भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने पर चर्चा होगी, जबकि किर्गिस्तान में होने वाले 26वें शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में भारत सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर के अपने विजन को आगे बढ़ाएगा।
यह भी पढे़ं:- चीन-रूस के बीच मध्य एशिया में भारत की पकड़ मजबूत करेंगे PM मोदी, SCO में दिखेगा कूटनीतिक दम
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव के निमंत्रण पर वह 29 और 30 अगस्त को राजकीय यात्रा के लिए ताशकंद जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव के साथ बैठक में व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही दोनों देशों के साझा विकास विजन को आगे बढ़ाने के मुद्दे पर भी बातचीत होगी। प्रधानमंत्री ने भारत के विकसित भारत और उज्बेकिस्तान के यांगी उज़्बेकिस्तान यानी नए उज्बेकिस्तान के साझा विजन को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। (PM Central Asia Visit)
शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र जाएंगे PM
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करूंगा, जो हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले गहरे सांस्कृतिक और लोगों के बीच के संबंधों का प्रतीक है। ताशकंद से किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के निमंत्रण पर मैं 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बिश्केक जाऊंगा। यह सम्मेलन इस महत्वपूर्ण संगठन के 25 साल पूरे होने का प्रतीक है। भारत 2017 से SCO का एक सक्रिय और रचनात्मक सदस्य रहा है। मैं सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर पर आधारित इस क्षेत्र के लिए भारत के विजन को आगे बढ़ाने और आतंकवाद, अलगाववाद और चरमपंथ की बुराई से मुक्त क्षेत्र के लिए अन्य सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। ये बुराइयां हमारे पड़ोस और उससे आगे शांति और स्थिरता के लिए खतरा बनी हुई हैं। (PM Central Asia Visit)
वर्ल्ड नोमैड गेम्स में शामिल होंगे PM मोदी
उन्होंने आगे कहा कि मैं राष्ट्रपति झापारोव और SCO के अन्य नेताओं से मिलने और छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए भी उत्सुक हूं। यह मध्य एशिया की समृद्ध जीवंत विरासत का उत्सव है, जिसका भारत बहुत सम्मान करता है। मुझे विश्वास है कि यह यात्रा मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगी, इस क्षेत्र के साथ हमारे सभ्यतागत जुड़ाव को गहरा करेगी और शांति, स्थिरता और समृद्धि की हमारी साझा कोशिशों को आगे बढ़ाएगी। ये वे मूल्य हैं, जो दुनिया के साथ भारत के जुड़ाव के केंद्र में हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, क्षेत्र के साथ भारत के सभ्यतागत जुड़ाव को गहरा करने और शांति, स्थिरता समेत समृद्धि की साझा कोशिशों को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि शांति, स्थिरता और समृद्धि वे मूल्य हैं, जो दुनिया के साथ भारत के जुड़ाव के केंद्र में हैं।



