आतंकियों को फिर घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM in Adampur Airbase: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे, जहां उन्होंने वायुसेना के जवानों से मुलाकात की। साथ ही उन्हें संबोधित भी किया। PM मोदी ने जवानों को कहा कि आपके पराक्रम के वजह से आज ऑपरेशन सिंदूर की गूंज हर कोने में सुनाई दे रही है। इस ऑपरेशन के दौरान हर भारतीय आपके साथ खड़ा रहा। आज हर देशवासी अपने सैनिकों, उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ है। ऑपरेशन सिंदूर कोई सामान्य सैन्य अभियान नहीं है। ये भारत की नीति, नियत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है। जब हमारी बहनों, बेटियों का सिंदूर छीना गया तब हमने आतंकियों के फन को उनके घर में घुसकर कुचल दिया।
यह भी पढ़ें:- cyber-fraud-case-dantewada : वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 61 लाख ठगे, राजस्थान से 4 आरोपी गिरफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वो कायरों के तरह छिपकर आए थे, लेकिन वो भूल गए कि उन्होंने जिसे ललकारा है वो हिंद की सेना है। आपने उन्हें सामने से हमला करके मारा है। आपने आतंक के तमाम ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया। 9 ठिकाने नष्ट किए गए और 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। आतंक के आकाओं को अब समझ आ गया है कि भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा वो तबाही है। आतंक के खिलाफ भारत की लक्ष्मण रेखा अब एकदम स्पष्ट है। अब फिर कोई आतंकवादी हमला हुआ तो भारत जवाब देगा, पक्का जवाब देगा। अब ऑपरेशन सिंदूर भारत का न्यू नॉर्मल है। (PM in Adampur Airbase)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना, वायुसेना और नौसेना ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी। आपने पाकिस्तानी फौज को भी बता दिया है कि पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है, जहां बैठकर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन्स, हमारी मिसाइलों के बारे में सोचकर तो पाकिस्तान को कई दिनों तक नींद नहीं आएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से आपने देश का आत्मबल बढ़ाया है, देश को एकता के सूत्र में बांधा है और आपने भारत की सीमाओं की रक्षा की है। आपने भारत के स्वाभिमान को नई ऊंचाई दी है। आपने वो किया है, जो अभूतपूर्व है, अकल्पनीय है, अद्भुत है। (PM in Adampur Airbase)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी एयर फोर्स ने पाकिस्तान में अंदर घुसकर आतंक के अड्डों को टारगेट किया। सिर्फ 20-25 मिनट के भीतर सीमापार लक्ष्यों को भेदना, ये सिर्फ इन मॉर्डन टेक्नोलॉजी से लैस व्यावसायिक बल ही कर सकती है।.हमारा लक्ष्य सिर्फ आतंकी ठिकानों को हिट करने का था। भारत की वायु सेना अब सिर्फ हथियारों से ही नहीं बल्कि डेटा और ड्रोन से भी दुश्मन को छकाने में माहिर हो गई है। पाकिस्तान की गुहार के बाद भारत ने सिर्फ अपनी सैन्य कार्रवाई को स्थगित किया है, अगर पाकिस्तान ने फिर से आतंकी गतिविधि या सैन्य दुस्साहस दिखाया तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे, ये जवाब अपनी शर्तों पर और अपने तरीके से देंगे। (PM in Adampur Airbase)




