PM नरेंद्र मोदी ने की ‘मन की बात’, कहा- कुंभ का उत्सव विविधता में एकता का उत्सव मनाता है

PM Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 118वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज 2025 की पहली मन की बात हुई। आप लोगों ने एक बात नोटिस की होगी कि हर बार मन की बात महीने की आखिरी रविवार को होती है, लेकिन इस बार हम एक सप्ताह पहले चौथे रविवार के बजाय तीसरे रविवार को ही मिल रहे हैं, क्योंकि अगले सप्ताह रविवार के दिन ही गणतंत्र दिवस है, मैं सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। इस बार का ‘गणतंत्र दिवस’ बहुत विशेष है। ये भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है। इस साल संविधान लागू होने के 75 साल हो रहे हैं। मैं संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूं, जिन्होंने हमें हमारा पवित्र संविधान दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस’ से एक दिन पहले 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। ये दिन इसलिए अहम है, क्योंकि इस दिन ‘भारतीय निर्वाचन आयोग’ की स्थापना हुई थी। हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान में हमारे चुनाव आयोग को, लोकतंत्र में लोगों की भा गीदारी को, बहुत बड़ा स्थान दिया है। देश में जब 1951-52 में पहली बार चुनाव हुए, तो कुछ लोगों को संशय था, कि क्या, देश का लोकतंत्र जीवित रहेगा, लेकिन हमारे लोकतंत्र ने सारी आशंकाओं को गलत साबित किया – आखिर भारत, लोकतंत्र की जननी है। बीते दशकों में भी देश का लोकतंत्र सशक्त हुआ है, समृद्ध हुआ है।
PM मोदी ने की वोट की अपील
उन्होंने कहा कि मैं चुनाव आयोग का भी धन्यवाद दूंगा, जिसने समय-समय पर हमारी मतदान प्रक्रिया को आधुनिक बनाया है, मजबूत किया है। आयोग ने जन-शक्ति को और शक्ति देने के लिए, तकनीक की शक्ति का उपयोग किया। मैं चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव के उनके कमिटमेंट के लिए बधाई देता हूं। मैं देशवासियों से कहूंगा कि वो ज्यादा-से-ज्यादा संख्या में अपने मत के अधिकार का उपयोग करें, हमेशा करें, और देश के लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा भी बनें और इस प्रोसेस को सशक्त भी करें।
प्रयागराज में महाकुंभ की शुरुआत हो चुकी है: PM
प्रयागराज में महाकुंभ की शुरुआत हो चुकी है। चिरस्मरणीय जन सैलाब, अकल्पनीय दृश्य और समता- समरसता का असाधारण संगम… इस बार कुंभ में कई दिव्य योग भी बन रहे हैं। कुंभ का ये उत्सव विविधता में एकता का उत्सव मनाता है। संगम की रेती पर पूरे भारत के, पूरे विश्व के लोग जुटते हैं। कुंभ का आयोजन हमें ये भी बताता है कि कैसे हमारी परम्पराएं पूरे भारत को एक सूत्र में बांधती हैं। उत्तर से दक्षिण तक मान्यताओं को मानने के तरीके एक जैसे ही हैं। हजारों सालों से चली आ रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव नहीं, जातिवाद नहीं। इसमें भारत के दक्षिण से लोग आते हैं, भारत के पूर्व और पश्चिम से लोग आते हैं। कुंभ में गरीब-अमीर सब एक हो जाते हैं। सब लोग संगम में डुबकी लगाते हैं, एक साथ भंडारों में भोजन करते हैं, प्रसाद लेते हैं – तभी तो ‘कुंभ’ एकता का महाकुंभ है। (PM Mann Ki Baat)
ये पर्व भारत के लोगों को परंपराओं से जोड़ते हैं: PM
उन्होंने कहा कि कुंभ का आयोजन हमें ये भी बताता है कि कैसे हमारी परम्पराएं पूरे भारत को एक सूत्र में बांधती हैं। उत्तर से दक्षिण तक मान्यताओं को मानने के तरीके एक जैसे ही हैं। एक तरफ प्रयागराज, उज्जैन, नासिक और हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होता है, वैसे ही, दक्षिण भू-भाग में, गोदावरी, कृष्णा, नर्मदा और कावेरी नदी के तटों पर पुष्करम होते हैं। कुछ दिन पहले ही, पश्चिम बंगाल में ‘गंगा सागर’ मेले का भी विहंगम आयोजन हुआ है। संक्रांति के पावन अवसर पर इस मेले में पूरी दुनिया से आए लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई है। ‘कुंभ’, ‘पुष्करम’ और ‘गंगा सागर मेला’ – हमारे ये पर्व, हमारे सामाजिक मेल-जोल को, सद्भाव को, एकता को बढ़ाने वाले पर्व हैं। ये पर्व भारत के लोगों को भारत की परंपराओं से जोड़ते हैं। (PM Mann Ki Baat)
भारत ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2025 की शुरुआत में ही भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मुझे ये बताते हुए गर्व है कि एक भारतीय स्पेसटेक स्टार्टअप बेंगलुरू के पिक्सेल ने भारत का पहला निजी सैटेलाइट कांस्टेलेशन-फायर-फ्लाई, सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। ये सफलता हमारे निजी स्पेस सेक्टर की बढ़ती ताकत और इनोवेशन का प्रतीक है। यह सेटेलाइट कांस्टेलेशन दुनिया का सबसे उच्च-रिज़ॉल्यूशन हाइपर स्पेक्ट्रल सैटेलाइट तारामंडल है। कुछ दिन पहले हमारे वैज्ञानिकों ने स्पेस सेक्टर में ही एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। हमारे वैज्ञानिक ने उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग कराई है। मैं इस उपलब्धि के लिए पिक्सेल की टीम, ISRO, और IN- SPACE को पूरे देश की ओर से बधाई देता हूं। (PM Mann Ki Baat)
जेपी नड्डा ने सुना मन की बात
उन्होंने कहा कि जब अंतरिक्ष में दो अंतरिक्ष यान कनेक्ट किए जाते हैं, तो, इस प्रक्रिया को स्पेस डॉकिंग कहते हैं। यह तकनीक अंतरिक्ष में स्पेस स्टेशन तक सप्लाई भेजने और क्रू मिशन के लिए अहम है। भारत ऐसा चौथा देश बना है, जिसने ये सफलता हासिल की है। IIT मद्रास का ExTeM केंद्र अंतरिक्ष में मैन्युफैक्चरिंग के लिए नई तकनीकों पर काम कर रहा है। ये केंद्र अंतरिक्ष में 3D-प्रिंटेड बिल्डिंग, मेटल फोम और ऑप्टिकल फाइबर जैसे तकनीकों पर रिसर्च कर रहा है। ये सेंटर बिना पानी के कंक्रीट निर्माण जैसी क्रांतिकारी विधियों को भी विकसित कर रहा है। वहीं केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। (PM Mann Ki Baat)



