Google Analytics —— Meta Pixel

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में CCS की होगी तीसरी बैठक, आगे की रणनीति पर हो सकती है चर्चा

PM Modi CCS Meeting: पाकिस्तान के साथ सीजफायर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज यानी 14 मई को कैबिनेट और कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक होगी। कैबिनेट की बैठक सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद CCS की बैठक होगी। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह CCS की लगातार तीसरी बैठक है। इससे पहले भी CCS की 2 बैठकें हो चुकी है। आज होने वाली बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के बाद की रणनीति, पहलगाम आतंकी हमले की जांच और सीजफायर के बाद के हालात पर चर्चा हो सकती है।

यह भी पढ़ें:- अब कोई गरीब कच्चे मकान में नहीं रहेगा, सबके बनेंगे पक्के मकान: केंद्रीय मंत्री चौहान

कैबिनेट बैठक में सभी केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। जबकि CCS की बैठक में PM नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोवल हिस्सा लेंगे। जानकारी के मुताबिक बैठक में रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों की रिपोर्ट और इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर कोई बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। CCS की पहली बैठक 23 अप्रैल को हुई थी, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला लिया गया था। इसके बाद 30 अप्रैल को PM आवास पर दूसरी बैठक हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई और सेना को आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए खुली छूट दी गई। (PM Modi CCS Meeting)

कई मुद्दों को लेकर हो सकती है चर्चा

PM मोदी से खुली छूट मिलने के बाद तीनों सेनाओं ने मिलकर ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और आतंकियों के साथ-साथ पाकिस्तान को भी सबक सिखाया। आज की CCS बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के अलावा पाकिस्तान को दी जाने वाली अगली चेतावनी या जवाबी कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है। माना जा रहा है कि सीजफायर के बाद सीमा पर बदले हालात और सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा होगी। पहलगाम हमले के बाद CCS की पिछली बैठकों में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और तीनों सेना प्रमुख भी शामिल हुए थे। आज की बैठक में भी सुरक्षा से जुड़े अहम फैसले लिए जा सकते हैं। यह बैठक भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के साथ ही जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात को देखते हुए बहुत अहम मानी जा रही है। (PM Modi CCS Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!